सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के मामले में पुलिस ने युवती दीपिका मिलामपुरे की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। मामला सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक बातें प्रसारित करने, फोन पर धमकी देने और घर पहुंचकर विवाद करने के आरोपों से जुड़ा है।
इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप राणा, श्रद्धा पटेल सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त FIR के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(अ), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। FIR क्रमांक 0749, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर छवि खराब करने का आरोप, शिकायतकर्ता दीपिका मिलामपुरे ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उसके संबंध में गलत जानकारी प्रसारित कर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में विरोध करने पर कथित तौर पर उसे फोन पर धमकी दी गई।
दीपिका के अनुसार, विवाद के बाद श्रद्धा पटेल और योगेंद्र राणा सहित अन्य लोग उसके घर पहुंचे, जहां कहासुनी और विवाद हुआ। शिकायत में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
थाने में हंगामे के बाद रातभर धरना,घटना के बाद दीपिका कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने की मांग की। थाने में हंगामे के बाद वह थाना परिसर के सामने रातभर धरने पर बैठी रही। मामले में बाद में पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की।इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को आवेदन दिया गया था।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप,दूसरे पक्ष की ओर से भी दीपिका पर फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाते हुए आवेदन दिया गया है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अब FIR दर्ज होने के बाद पुलिस मामले में आरोपों की जांच, संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।















