अमरवाड़ा-कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई , भूमका घाटी में पुलिस ने रोका संदिग्ध कंटेनर, उत्तर प्रदेश कनेक्शन की भी जांच; अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर मार्ग पर भूमका घाटी के पास अमरवाड़ा और कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा सफारी और संदिग्ध कंटेनर को रोका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस की तलाशी में कंटेनर से अवैध गांजे की बड़ी खेप और नकद राशि बरामद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध कंटेनर छिंदवाड़ा की ओर से आ रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर टाटा सफारी और कंटेनर दोनों वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। कार्रवाई के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में जांच की गई।

उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की चर्चा प्रारंभिक जांच में जब्त वाहन के उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। वाहन किसी रसूखदार व्यक्ति या नेता से संबंधित होने की चर्चाएं भी हैं, हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। पुलिस वाहन के दस्तावेज, मालिकाना हक और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।

अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की आशंका बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर संभावित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं, बरामद नकदी की भी गिनती और उसके स्रोत की जांच की जा रही है।

खबर लिखे जाने तक थाना अमरवाड़ा पुलिस द्वारा NDPS Act के तहत कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को अभिरक्षा मे लिया गया है।
आरोपियों के कब्जे/वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा,एक पिस्टल, ₹24,090 नगद तथा दो वाहन—Ashok Leyland Truck, 1 टाटा सफारी से जप्त किये गये है।
प्रकरण में आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी एवं सप्लाई से संबंधित जानकारी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
प्रकरण में NDPS Act के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में जांच जारी है।
















