Home CITY NEWS छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में वार्मर में लगी आग, तीन नवजात...

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में वार्मर में लगी आग, तीन नवजात झुलसे; जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वार्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। हादसे में वार्मर में रखे तीन नवजात बच्चे आग की चपेट में आकर झुलस गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

वार्मर की हीटिंग यूनिट में हुई स्पार्किंग जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्चों को जन्म के बाद शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने के लिए वार्मर में रखा गया था। इसी दौरान वार्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग लग गई। आग की चपेट में आने से वार्मर में मौजूद तीनों नवजात झुलस गए।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी घटना के बाद NICU में मौजूद चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ ने तत्काल बच्चों को वार्मर से बाहर निकाला और उनका उपचार शुरू किया। बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजने का निर्णय लिया गया। तीनों नवजातों को दो डॉक्टरों की निगरानी में जबलपुर रेफर किया गया।

एक बच्चे की हालत गंभीर, सर्जरी की जरूरत सिविल सर्जन के अनुसार, तीनों नवजातों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जबलपुर रेफर किया गया है। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे सर्जरी की आवश्यकता है। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया।

वार्मर में आग लगने की जांच शुरू हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वार्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में तकनीकी खराबी और स्पार्किंग को आग लगने की वजह माना जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि आग किस कारण लगी और घटना में किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

*एसएनसीयू हादसा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जताया दुख, मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख की सहायता

*जबलपुर में इलाजरत दोनों बच्चों का पूरा खर्च उठाएगी सरकार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

छिंदवाड़ा/ जिला अस्पताल के एसएनसीयू के वॉर्मर में स्पार्क के कारण आग पकड़ने से झुलसे तीन नवजात बच्चों में से एक की जबलपुर में उपचार के दौरान मृत्यु होने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत दोनों बच्चों के संपूर्ण इलाज का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा।मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ लगातार संपर्क में हैं और दोनों बच्चों के उपचार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें