सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश। कन्या शिक्षा परिषद से जुड़े छात्रावास की छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को धर्मटेकड़ी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। छात्राएं अपने परिजनों के साथ चौकी पहुंचीं और अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षिका रजनी उइके उनके साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार करती हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें डांटा जाता है और मारपीट भी की जाती है। इसी को लेकर छात्राओं और उनके परिजनों में नाराजगी है।
विभाग अंतर्गत जिले में संचालित छात्रावासों में निगरानी करने वाले जिम्मेदार क्षेत्र संजोयक का एसी ऑफिस का मोह छूटता नहीं है । जिले के छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं को अच्छा खाना और बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर आकर आंदोलन करना पड़ रहा है।
अधीक्षिका को हटाने की मांग छात्राओं ने मांग की है कि उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को हटाया जाए। परिजनों ने भी छात्राओं की सुरक्षा और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
शिकायत के बाद जांच पर नजर छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर है। छात्राओं और उनके परिजनों का कहना है कि यदि शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष भी अपनी बात रखेंगे।















