सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा– मुखबिर सूचना के आधार पर चौरई वृत्त के आबकारी अमले को एक बड़ी सफलता मिली है। आबकारी अमले ने एक शराब तस्कर को पकड़ कर उसके कब्जे से दो सौ छियानवे पाव शराब और एक चारपहिया वाहन जप्त किया है। उक्त सफलता कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में मिली। मुखबिर सूचना के आधार पर मंगलवार की दोपहर बोहनाखैरी से उमरिया ईसरा मार्ग के किनारे एक चारपहिया वाहन सवार को रोककर वाहन की तलाशी ली गई तो गाड़ी की बीच वाली सीट में नीचे छह पेटियों में रखी देशी-विदेशी मदिरा बरामद हुई।
बरामद शराब की मात्रा ५३ बल्क लीटर शराब होना पाया गया। शराब का अवैध परिवहन कर रहे जनता नगर, छिंदवाड़ा निवासी संदेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ मप्र आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जप्त मदिरा तथा वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग सवा लाख है। इस कार्यवाही के दौरान वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी और आरक्षक भारती मरकाम उपस्थित रहे।















