समय-सीमा की बैठक में कड़े रुख में दिखे निगम आयुक्त : हितग्राहीमूलक योजनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी;
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा सीमा क्षेत्रान्तर्गत विकास कार्यों की प्रगति, हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को निगम सभागार कक्ष में नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय की अध्यक्षता में ‘समय-सीमा’ (TL) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन व निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रकरणों को अकारण लंबित रखने वाले संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित जलप्रदाय परियोजना की समीक्षा करते हुए कार्यरत एजेंसी जियो मिलर कंपनी को पानी की टंकियों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य तीव्र गति से कराने की हिदायत दी गई; कार्य में ढिलाई बरतने पर कंपनी को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए गए।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण के प्रत्येक चरण की जियो-टैगिंग को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा वर्षा ऋतु के दृष्टिगत शहर के अत्यंत जर्जर व खतरनाक भवनों को चिन्हित कर उन पर सतत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।
नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला में मवेशियों की देखरेख को लेकर कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई तथा व्यवस्था में पारदर्शिता हेतु परिसर में तत्काल सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त अतिक्रमण विरोधी अमले को मुख्य मार्गों व बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने, अपशिष्ट प्रबंधन हेतु प्रत्येक वार्ड स्तर पर स्वच्छता समिति गठित करने, स्वच्छ भारत मिशन की टीम द्वारा कचरा संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर सेनेटरी इंस्पेक्टरों के माध्यम से तत्काल सफाई कराने तथा सभी उपयंत्रियों को अपने वार्डों के विकास प्रस्ताव अत्यंत सावधानीपूर्वक एवं गुणवत्ता के साथ तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुक्त चंद्र प्रकाश राय के साथ सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी, कार्यपालन यंत्री सोनू सकवार एवं हिमांशु अतुलकर सहित सभी शाखाओं के प्रमुख उपस्थित रहे।














