सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग (ट्राइबल विभाग) में मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी कर्मचारी की पहचान ललित अहिरवार के रूप में हुई है। रिश्वत की रकम छिपाने के लिए आरोपी ने लिफाफा कूलर के नीचे रख दिया था, लेकिन लोकायुक्त टीम ने तलाशी के दौरान रकम बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ भी रंगीन हो गए।

ईएमडी की राशि लौटाने के बदले मांगी थी रिश्वत,जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा ने नवेगांव में छात्रावास की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। इस प्रक्रिया में जमा की गई 28 हजार रुपए की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) राशि उन्हें वापस मिलनी थी।आरोप है कि ईएमडी की राशि वापस कराने के एवज में ट्राइबल विभाग में पदस्थ कर्मचारी ललित अहिरवार ने उनसे 4 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
डेढ़ महीने से लगा रहा था चक्कर शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ महीने से ईएमडी की राशि वापस लेने के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा था। करीब एक महीने पहले भी इस संबंध में बातचीत हुई थी। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त से शिकायत की।शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
कूलर के नीचे छिपाई रिश्वत की रकम कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए रिश्वत के 4 हजार रुपए एक लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपा दिए। हालांकि, लोकायुक्त टीम ने तलाशी लेकर लिफाफा बरामद कर लिया। फिलहाल टीम द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित ट्राइबल विभाग में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में चर्चा का माहौल है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।















