पेंच व कन्हान की तरक्की के लिए सांसद विवेक बंटी साहू ने की पहल,सांसद ने डब्लूसीएल के जीएम और बीएमएस के पदाधिकारियों की ली बैठक,सांसद ने विष्णुपुरी और उरधन कोयला खदानों के संचालन को लेकर कलेक्टर से चर्चा की
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच और कन्हान क्षेत्र की कोयला खदाने प्रारंभ करने के लिए पहल की है। सांसद कार्यालय छिंदवाडा में सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच व कन्हान के जीएम विकास अग्रवाल और बीएमएस के प्रतिनिधि मंडल के साथ एक बैठक की। इस बैठक में सांसद ने कोयला खदानें को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए जरूरी कदम उठाने पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर जहा खदानें खुलने से पेंच व कन्हान के कोयला उद्योग को नई गति मिलेगी वहीं कन्हान में खदानें खुलने से कामगारों, नागरिकों और व्यवसाय को लाभ होगा। जीएम और बीएमएस के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद सांसद बंटी विवेक साहू ने कलेक्टर हरेन्द्र नारायण से भी चर्चा करते हुए विष्णुपुरी और उरधन कोयला खदानों के संचालन में आ रही कठिनाईयों को लेकर जीएम से चर्चा करते हुए शीघ्र कार्यवाही करने के लिए भी कहा। गौरतलब है कि विष्णुपुरी कोयला खदान के लिए कुकुरमुंडा गांव को विस्थापित करना होगा। वहीं उरधन ओपन कास्ट खदान के सेकेंड फेस के लिए किसानों का मामला लटका हुआ है। सांसद बंटी विवेक साहू ने जीएम को इस मामले के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच व कन्हान के जीएम विकास अग्रवाल को जहा मोआरी कोयला खदान को लेकर भी निर्देश दिए है वही इसके साथ नारायणी खदान के लिए जमीन अधिग्रहण के मामले को सुलझाने के लिए भी कहा है। सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर ये मामला सुलझने से एक और नई खदान शुरू होने के रास्ते खुल जाएंगे। विदित हो कि धनकशा नेहरिया क्षेत्र के कामगारों के बच्चों को पढने के लिए वर्तमान में लंबी दूरी तय करना होता है, इसके लिए डीएवी स्कूल खोलने के लंबित मामले के निराकरण के लिए सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच व कन्हान के जीएम विकास अग्रवाल को निर्देश दिए है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच व कन्हान के जीएम विकास अग्रवाल को झुर्रे फ्लावर वेल के अनुदान चार लाख को बीस लाख सालाना करने के बीएमएस के प्रस्ताव पर कार्रवाई करने के लिए कहा है, जिस पर जीएम ने नोटशीट बनाकर भेजने की बात कही है। इस वार्ता के दौरान बीएमएस अध्यक्ष मोहित नामदेव, महामंत्री निखिलेश राहा, कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप शाही, संयुक्त महामंत्री संजय बावरिया, जेसीसी सदस्य रोहिताश वर्मा, महासंघ प्रतिनिधि अंजनी सिंह, उपाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता, नेहरिया शाखा अध्यक्ष विनोद डेहरिया, संजय साहू, रामदास सोलंकी, नागेंन्द्र चौधरी, संजय साहू, रामानुज शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।















