भाजपा सरकार से स्पष्ट मांग, किसानों का कर्ज माफ, मुआवजा तत्काल दिया जाए और पांढुर्ना को सूखाग्रस्त घोषित करें:- नकुलनाथ
-विशाल किसान आंदोलन में जमकर गरजे नकुलनाथ, भाजपा सरकार की नीतियों को लिया आड़े हाथों
-खुले मंच से प्रदेश की भाजपा सरकार को दी चेतावनी, किसानों पर हुए किसी भी अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
-किसान कर्जमाफी योजना कांग्रेस सरकार में कमलनाथ जी ने प्रारंभ की थी, उसे दोबारा चालू कर कर्ज माफ किया जाए
-कमलनाथ जी ने ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया, भाजपा ने उसे छीना, कांग्रेस 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की लड़ाई लड़ती रहेगी
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- पांढुर्ना के संत जगनाड़े चौक पर आयोजित विशाल किसान आंदोलन में जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी जमकर गरजे। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों की बखिया उधेड़ दी। खुले मंच से सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के साथ जारी अन्याय और अत्याचार को सरकार तत्काल बंद करें। किसान भाइयों की मांगों को पूरा करें, अन्यथा पांढुर्ना से प्रारंभ यह आंदोलन आवश्यकता पड़ने पर भोपाल तक जाएगा और दिल्ली की संसद तक भी पहुंचेगा।
विशाल किसान आंदोलन में जुटे अपार किसान भाइयों व आमजन को सम्बोधित करते हुए माननीय नकुलनाथ जी ने कहा कि नागपुर से पांढुर्ना पहुंचने तक जगह-जगह रूका, किसान भाइयों से भेंट की, खेत और उपज देखी, फसलें खराब और खेत व कुएं सूखे पड़े हैं। मन बहुत दुखी और व्यथित है, क्योंकि आज अन्नदाता परेशान है। सरकार सिर्फ कोरे आश्वासन दे रही। मैं पिछले लगभग ढ़ाई साल में एक दर्जन से अधिक किसान आंदोलन कर चुका हूं। गूंगी, बहरी भाजपा की सरकार किसानों की पीड़ा नहीं देख सकती, उनकी पुकार सुन नहीं सकती। कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने सबसे पहले किसान कर्जमाफी योजना की फाइल पर हस्ताक्षर किए।
प्रथम बार में ही छिन्दवाड़ा और पांढुर्ना जिले के 75 हजार किसान भाइयों का कर्ज माफ हुआ, आगे भी होता, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस की सरकार गिरा दी। कमलनाथ जी की सरकार में सभी को पर्याप्त और 24 घंटे बिजली मिलती थी। आज बिजली की ट्रिपिंग, खराब ट्रांसफार्मर और बमुश्किल दो से ढ़ाई घंटे बिजली मिल रही। बिजली विभाग नोटिस भेज रहे, कनेक्शन काटे जा रहे, फर्जी मीटर की रीडिंग ये सबकुछ भाजपा की सरकार में मिल रहा और चल रहा है।
वोट चोर कहां मिलेंगे भाजपा के दफ्तर में:-माननीय नकुलनाथ जी ने सम्बोधन के दौरान कहा वोट चोर कहां मिलेंगे, जनसमुदायक बीच से आवाज आई भाजपा के दफ्तर में। उन्होंने कहा चोरी की सारी हदें पार हो चुकी है। भगवान और भक्त दोनों को नहीं छोड़ा। वोट की चोरी से इन्होंने विभिन्न प्रदेशों में सरकार बनाई। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में दिल्ली में वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन जारी है। छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों से संवाद कर रहे हैं, क्योंकि इन्होंने हमारे युवाओं के हाथों से रोजगार चुरा लिया, मार्कशीट चोरी की। ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां खुलेआम चोरी नहीं हो रही। हम मप्र की बात करें तो किसानों पर अत्याचार, किसान आत्महत्या में मप्र नम्बर एक पर है। महिला अत्याचार और बेरोजगारी में नम्बर एक पर है। यहां मताएं व बहनें बैठी है, उन्हें तीन हजार देने का वादा किया था, ढ़ाई साल हो गए 1500 रुपए से अधिक नहीं दिए। रसोई गैस के दाम एक हजार पार है। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बैठे हैं वे जानते हैं और पांढुर्ना शहर के लोगों को याद दिलाना चाहता हूं कि पांढुर्ना शहर में पेयजल की कितनी बड़ी समस्या थी, कमलनाथ जी ने यहां के जनप्रतिनिधियों के पीछे पड़कर मोहगांव जलाशय से पाइप लाइन बिछावाकर पेयजल समस्या का निदान कराया।
कांग्रेस लड़ेगी ओबीसी वर्ग की लड़ाई:-माननीय नकुलनाथ जी ने अपने उदबोधन में आगे कहा कि माननीय कमलनाथ जी ने अपने मुख्यमंत्रीत्व कार्यकाल में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया। भाजपा ने वह छीन लिया है, लेकिन कांग्रेस ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए वचनबद्ध है। कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग की लड़ाई लड़ेगी और उन्हें उनका अधिकार दिलाकर रहेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांढुर्ना जिले की सीमा महाराष्ट्र से लगी हुई है, अगर महाराष्ट्र में भाजपा सरकार किसानों को मुआवजा दे सकती है, तो मप्र में क्यों नहीं? अगर मप्र में भाजपा की सरकार किसानों के खाते में पैसे डालती है तो मप्र में क्यों नहीं? मैं भाजपा पार्टी और भाजपा के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि आप हमारे किसान भाइयों का फायदा मत उठाइए, हम भोले, भाले और सीधे-साधे है, हमें अपना हक मांगना आता है। भाजपा सरकार से मांग करता हूं कि जो किसान कर्जमाफी योजना कांग्रेस सरकार में कमलनाथ जी ने शुरू की थी, उसे दोबारा चालू करिए, दोबारा किसानों का कर्ज माफ किए जाएं। छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र मक्का, कपास और संतरे के लिए जाने जाते हैं।
अंत में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में भाजपा सरकार से किसानहित में आग्रह किया कि तत्काल किसानों का कर्ज माफ हो, मुआवजा दिया जाए और पांढुर्ना जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें। आज यह आंदोलन पांढुर्ना से शुरू कर रहे हैं और जरूरत पड़ी तो भोपाल तक जाएंगे, मांगें नहीं मानी तो दिल्ली की संसद तक भी जाएंगे।
बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे नकुलनाथ:-किसान आंदोलन को सम्बोधित करने के उपरांत माननीय नकुलनाथ जी, बड़ी संख्या में किसान भाई, कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण व आमजन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। माननीय नकुलनाथ जी ने बैलगाड़ी में सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपकर किसानहित में सम्पूर्ण मांगों को अविलम्ब पूरा करने की मांग की।आयोजित आंदोलन व ज्ञापन में पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, किसान भाई व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।















