Home CITY NEWS तामिया के सांदीपनि विद्यालय में गंदगी मिलने पर कलेक्टर नाराज, प्राचार्य को...

तामिया के सांदीपनि विद्यालय में गंदगी मिलने पर कलेक्टर नाराज, प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्थाएं, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा/तामिया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 16 अक्टूबर 2026 को तामिया में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर द्वारा सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के विभिन्न कक्षों में अत्यधिक गंदगी, दीवारों पर जाले, शौचालयों में गंदगी और पानी की टंकियों के पास अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। मामले में जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय द्वारा विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

निरीक्षण में मिलीं कई अव्यवस्थाएं जारी नोटिस के अनुसार, कलेक्टर ने विद्यालय के प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान कमरों में अत्यधिक गंदगी पाई गई। दीवारों पर जगह-जगह जाले लगे हुए थे और शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा पानी की टंकियों के आसपास भी गंदगी पाई गई।नोटिस में उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजन की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं।

निर्देशों की अवहेलना पर जताई नाराजगी नोटिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के प्रारंभ से ही संस्था प्रमुखों को कार्यालय स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद विद्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की।तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरणजनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस में प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि वे नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

साथ ही प्रत्येक कक्ष में साफ-सफाई का कार्य करवाते हुए उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफ के साथ जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी को स्वयं जिम्मेदार माना जाएगा।अब देखना होगा कि विद्यालय प्रबंधन निर्धारित समय में क्या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करता है और विभाग इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का 10वाँ शुक्रवार जिला अधिकारियों की टीम के साथ तामिया पहुंचे कलेक्टर, विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया कलेक्टर ने तामिया में आयोजित शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, उद्यमियों से भी संवाद किया जनसमस्या निवारण शिविर में स्वामित्व योजना के 7 हितग्राहियों को मिला संपत्ति का मालिकाना हक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान और लोकसेवाओं की सुगमता के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 16 अक्टूबर को कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ छिंदवाड़ा जिले की जनपद पंचायत तामिया पहुंचे। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया और संचालन की व्यवस्थाएं देखीं। जिसके बाद सभी अधिकारी सामुदायिक भवन तामिया में आयोजित खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं जनसंवाद शिवर में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के उद्यमियों से भी संवाद किया।

मौके पर स्वामित्व योजना के तहत तहसील तामिया के 7 हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज भी सौंपे गए। पाण्डुपिपरिया डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत पाण्डुपिपरिया स्थित डबल लॉक खाद वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं किसानों को खाद वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को खाद वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

उपस्थित कृषकों से चर्चा के दौरान खाद ई टोकन बुकिंग के लिए ऑनलाइन सेंटर्स द्वारा 50 रुपये लेने की जानकारी सामने आने पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित राशि 15 रूपये से अधिक जो भी राशि ले रहे हैं, ऐसे ऑनलाइन सेंटर्स पर कार्यवाही करें। साथ ही कृषि विभाग के अमले को गांव – गांव शिविर लगाकर किसानों को मोबाइल से ई टोकन बुक करने की ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए। साथ ही कृषकों को खेत की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और रसायनों के दुष्प्रभावों से बचाये रखने के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह अनुसार संतुलित मात्रा में ही रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग करने की समझाइश दी।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण – नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास तामिया के निरीक्षण में छात्राओं के शयन कक्ष की व्यवस्थाओं के अवलोकन के दौरान समुचित वेंटिलेशन न होने और सीलन पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। आवश्यक मरम्मत कार्य के लिए बजट आवंटन हेतु शासन स्तर से समुचित समन्वय न बनाने और छात्राओं को दी जा रही सुविधाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी पर कड़ी नाराज़गी जताई और कार्यवाही प्रस्तावित करने की चेतावनी दी। हॉस्टल में साफ सफाई, स्वच्छता, पानी की व्यवस्था, रसोई घर आदि की व्यवस्थाएं उचित नहीं पायी गई, जिस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए हॉस्टल अधीक्षिका कौशल्या नागेश्वर एवं एपीसी अनुराधा श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

वीरांगना रानी दुर्गावती नवीन आदिवासी कन्या आश्रम का निरीक्षण – कलेक्टर ने वीरांगना रानी दुर्गावती आदिवासी कन्या आश्रम (अंग्रेजी माध्यम) तामिया का भी औचक निरीक्षण किया। रसोई कक्ष, सफाई, शयन कक्ष आदि की व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गयी। शौचालयों में टैप वॉटर उपलब्धता न होने पर नाराजगी जताई और पानी की टंकी तक पाइप लाइन मरम्मत कार्य शीघ्र कराते हुए रनिंग वॉटर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद भी किया और सवाल-जवाब कर उनकी भाषा और विषय ज्ञान का आंकलन किया। छात्राओं का भाषाज्ञान संतोषजनक पाया गया, किंतु सामान्य ज्ञान संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रतिदिन अखबार पढ़ने की आदत विकसित करने और अध्यापन के माध्यम से छात्राओं का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के निर्देश दिए ।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पोषण पुनर्वास केंद्र तामिया का निरीक्षण – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेषरूप से दवाइयों की उपलब्धता और डाक्टर्स की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की, इस संबंध में उन्होंने जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती से भी फीडबैक लिया। स्वास्थ्य केंद्र की बाहरी दीवार पर गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताई और समुचित स्वच्छता एवं हाइजीन मेंटेन रखने के निर्देश बीएमओ को दिए।

इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर पर संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती बच्चों की माताओं से संवाद कर उन्हें बच्चों को केंद्र से ले जाने के बाद भी मच्छरों से बचाने और उनके खान – पान के दौरान समुचित स्वच्छता रखने की समझाइश दी। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की अधिकांश बीमारियां अस्वच्छता और संक्रमण से जुड़ी होती हैं, इनसे बचाव करेंगे तो बच्चे हमेश स्वस्थ रहेंगे।

सांदीपनि विद्यालय तामिया का निरीक्षण – कलेक्टर ने शासकीय संदीपनी विद्यालय तामिया के निरीक्षण के दौरान फर्श पर गंदगी पाए जाने और पूरे परिसर में समुचित स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर प्रभारी बीईओ एवं प्राचार्य श्री बलवंत सानेर पर बेहद नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय चमकते दिखने चाहिए। उन्होंने तत्काल पूरे विद्यालय की सफाई करवाने और फोटो, वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए कि प्रतिदिन पूरे परिसर की नियमित रूप से साफ – सफाई सुनिश्चित होनी चाहिए, भविष्य में ऐसी गंदगी दोबारा न दिखे। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भी प्रति सप्ताह कम से कम 2 सांदीपनी स्कूलों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण – कलेक्टर ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र थाना मोहल्ला तामिया के निरीक्षण के दौरान बच्चों से सहज संवाद किया और रुचिकर प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर बच्चों ने भी निर्भीक होकर दिए। बच्चों ने कलेक्टर को एबीसीडी, पहाड़ा और हिंदी, अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कविता सुनाई। संवाद के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि बड़े होकर क्या बनना चाहते हो, तो किसी ने डॉक्टर, किसी ने पुलिस, किसी ने फाइटरमैन, किसी ने सुपर स्टार बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने सभी बच्चों को अनुशासन में रहने और मन लगाकर पढ़ने और खेल – कूद भी करने की समझाइश दी। उन्होंने बच्चों को उपहार स्वरूप पानी की बॉटल और ड्राइंग बुक भी भेंट की, जिसे पाकर बच्चों में खुशी का माहौल रहा।

सामुदायिक भवन तामिया में आयोजित जनसंवाद शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं – विभिन्न संस्थाओं के निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर अधिकारियों के साथ सामुदायिक भवन तामिया में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने, नल कनेक्शन, पाइप विस्तारीकरण, सड़क निर्माण, विद्युत ट्रांसफार्मर लगवाने आदि से सम्बन्धित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का भी समाधान किया गया। छिंदी में बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य में लापरवाही की शिकायत पर सहायक यंत्री जनजाति कार्य विभाग श्री दीपक सरेयाम के निलंबन का प्रस्ताव तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान तहसील तामिया के 7 हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज भी सौंपे गए। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी हितग्राहियों को भू – स्वामी बनने पर बधाई दी और इस दस्तावेज के फायदे बताए। अपनी संपत्ति का मालिकाना हक मिलने पर ग्रामीणों ने भी खुशी जाहिर की और शासन को धन्यवाद दिया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती और कलेक्टर श्री नारायन के साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री राजनंदिनी सिंह, एसडीओपी जुन्नारदेव, सीईओ जनपद तामिया सुश्री वर्षा झारिया, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद थे।

उद्यमियों से संवाद – शिविर के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र के उद्यमियों मिनरल वॉटर प्लांट संचालक श्री पियूष सिंग, पातालकोट रसोई (फूड प्रोसेसिंग कार्य) संचालक श्री पवन श्रीवास्तव, ब्रिक्स निर्माता श्री अमित कुमार बत्रा, पापड़ उद्योग संचालक श्रीमति तरूणा ठाकुर और मिठाई, नमकीन उद्योग संचालक श्री तेज प्रकाश साहू से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर लोन लेने से लेकर व्यवसाय की सफलता तक की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। कलेक्टर ने महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र को इन उद्यमियों के व्यवसाय को बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए। संवाद में उपस्थित महिलाओं द्वारा बताया गया कि वे पोल्ट्री शेड निर्माण योजना के तहत मुर्गी पालन का कार्य कर रही हैं जिससे वे उनकी आजीविका अच्छे से चला पा रही है। कलेक्टर ने इन महिलाओं की मासिक मीटिंग के लिए कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को दिए।

उद्यम संवाद के दौरान कलेक्टर श्री नारायन द्वारा महिला उद्यमियों का उदाहरण देते हुए उनसे प्रोत्साहित होकर तामिया विकासखंड के अन्य युवाओं एवं उपस्थित सभी लोगों से स्वरोजगार के क्षेत्र में विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विभागीय योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदाय किया जा सकता है, जिससे व्यवसायों में वृद्धि होगी एवं रोजगार सृजन होगा। साथ ही उद्यमियों को अपनी स्थाापित विनिर्माण इकाई का विस्तार करने के सुझाव भी दिए गए।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें