सांसद ने नागपुर के बस स्थापक के मामले को संज्ञान में लेते हुये मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री सहित मुख्य सचिव को लिखा पत्र
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू ने नागपुर में बस यात्रियों और बस मालिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि उनकी लोकसभा क्षेत्र छिन्दवाड़ा व पान्ढुर्णा महाराष्ट्र के महानगर नागपुर से सीमा साझा करता है। महानगर होने की वजह से छिन्दवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, बैतूल जिले के नागरिक प्रतिदिन इलाज, व्यवसायिक खरीदी ट्रेन एवं हवाई यात्रा, शिक्षा प्राप्त करने के लिए नागपुर की यात्रा करते हैं। उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू ने नागपुर में मध्यप्रदेश के बस स्थानक की स्थिति अत्यन्त खराब और दयनीय होने के मामले को संज्ञान में लेते हुये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित मुख्य सचिव को पत्र लिखा है।
जिसमें उन्होंने बताया है कि पूर्व में जबकि मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अस्तित्व में था उस समय से नागपुर में रेलवे स्टेशन के पास मध्यप्रदेश का बस स्थानक एवं डिपो संचालित था जो कि काफी बड़ी भूमि पर आज भी है। महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बसें नागपुर में मध्यप्रदेश के बस स्थानक से आगमन प्रस्थान नहीं करती हैं, उनका अलग से बस स्थानक है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इसी मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम के बस स्थानक से छिन्दवाड़ा एवं अन्य जिलों की प्रतिदिन लगभग 40-45 बसें एवं अन्य जिलों की इतनी ही बसे एवं निजी टैक्सी वाहन नागपुर आते जाते हैं, जिनमें जिले के करीब 4000-4500 व्यक्ति यात्रा करते हैं।

सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित मुख्य सचिव को बताया है कि मुख्य समस्या यह है कि उक्त बस स्थानक की स्थिति अत्यन्त खराब है, भवन, शौचालय, प्रतीक्षालय, टिकिट काउन्टर अत्यन्त जर्जर हैं। बसें जहाँ पर खड़ी होती है वहाँ गढ़ढ़ा है। कोई सुधार कार्य वर्षों से नहीं किया गया है। यात्रियों को मजबूरी में अत्याधिक गन्दा शौचालय का उपयोग करना पड़ता है। बस वाहन की प्रतीक्षा के लिये धूप, वर्षा में खुले में खड़े होकर असुरक्षित रहना पड़ता है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित मुख्य सचिव को बताया है कि इस संबंध में मेरा सुझाव है कि मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम, नागपुर का नागपुर स्थित बस स्थानक एवं डिपो की भूमि को आउटसोर्स या पीपीपी मोड में देकर उसे अत्याधुनिक विकसित बस स्थानक बनाया जाता है तो मेरे जिले के साथ ही साथ आस पास के जिलों के निवासियों व यात्रियों को सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा है कि कृपया इस प्रस्ताव एवं सुझाव को प्राथमिकता से परीक्षण करवाकर उचित कार्यवाही कराने का कष्ट करें।















