सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने सख्त रुख अपनाते हुए वार्ड क्रमांक 48 के तथा वार्ड क्रमांक 36 के खसरा नंबर 54 पर चल रही निर्माण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। बिना वैधानिक अनुमति प्लॉटिंग और कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है।निगम आयुक्त ने आदेश जारी कर दोनों ही स्थानों पर अवैध निर्माण ध्वस्त करने, संबंधित क्षेत्रों को अवैध कॉलोनी घोषित करने तथा कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।जारी आदेश के अनुसार,
पहले मामले में , गुरुदास, प्रवीता विश्वकर्मा, कृष्ण सैनी, हरिप्रसाद नागवंशी, सचिन विश्वकर्मा, संगीता डेहरिया, उमा पाल, दीक्षा ठाकरे और श्रवण आदि द्वारा बिना अनुमति कॉलोनी विकसित किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क, नाली निर्माण तथा विद्युत पोल लगाने जैसे कार्य भी कराए गए हैं।
दूसरे मामले में ग्राम सर्रा की खसरा संख्या 54/3/1, रकबा 1.6420 हेक्टेयर भूमि पर महादेव राव द्वारा कॉलोनी विकसित किए जाने तथा बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क, नाली और विद्युत पोल लगाए जाने की सूचना मिली है। इस मामले में भी तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।निगम आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिन कॉलोनियों को विधिवत अनुमति (अनुज्ञा) प्राप्त नहीं है, उनमें निवेश न करें। किसी भी कॉलोनी या प्लॉट में निवेश करने से पहले संबंधित विभाग से वैधानिक स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें।















