सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। जिले के जामई रेंज अंतर्गत चुगनी चौगान क्षेत्र में वन विभाग द्वारा कराए गए गड्ढा खुदाई कार्य का भुगतान अब तक नहीं होने का मामला सामने आया है। कार्य में लगे 24 मजदूरों ने आरोप लगाया है कि दो माह बीत जाने के बाद भी उन्हें उनकी मेहनत-मजदूरी की राशि नहीं मिली है।मजदूरों के अनुसार, उन्होंने कुल 17,000 गड्ढों की खुदाई का कार्य किया था। प्रति गड्ढा 18 रुपये की दर से कुल 3,06,000 रुपये बनते हैं। इसके अतिरिक्त 11,000 रुपये मजदूरी की राशि भी निर्धारित थी। कार्य के दौरान विभाग की ओर से केवल 47,000 रुपये खर्च मद के रूप में दिए गए, जबकि शेष भुगतान अब तक लंबित है।मजदूरों का कहना है कि यह कार्य उन्होंने 20 दिनों में पूर्ण कर दिया था। कार्य पूर्ण हुए करीब दो महीने हो चुके हैं, लेकिन भुगतान के संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया जा रहा है।
आरोप है कि बार-बार संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता और भुगतान से इंकार किया जा रहा है।पीड़ित मजदूरों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर मेहनताना नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।मजदूरों ने जिलाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक मिल सके।















