जिला मुख्यालय के बीच से गुजर रहे भारी वाहन बन रहे हादसों का कारण
सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा। नगर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मंगलवार दोपहर नागपुर रोड स्थित आरडी हाईस्कूल कॉम्प्लेक्स/शंकर नगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने स्कूटी सवार पिता-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय युवती चैताली दहिवाले की नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता किशोर दहिवाले (62) गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूटी क्रमांक एमपी 28 जेडके 0839 पर पिता-बेटी सवार थे। इसी दौरान नागपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक यूपी 44 बीटी 0515 ने तेज गति से स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सड़क पर गिरने के बाद कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घसीटती चली गई। हादसे में उसके पैरों और पीठ पर गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को सिविल अस्पताल पांढुर्णा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर नागपुर रेफर किया गया। पिता को भी गंभीर चोटों के चलते नागपुर भेजा गया।

हादसे से आक्रोशित नागरिकों ने जिला मुख्यालय के बीच से भारी वाहनों के आवागमन और उनकी बेलगाम रफ्तार पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक व कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया जाए तथा गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।















