सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।दादा गुरु महाराज की माँ नर्मदा पैदल परिक्रमा 11 फरवरी को देवगांव संगम पहुँचेगी, अलोनी महाराज सेवा संस्थान करेगा परिक्रमा वासियों का भव्य स्वागत करेगा मां नर्मदा की अनंत कृपा से श्रद्धालुओं के लिए एक अत्यंत पावन और पुण्य अवसर साकार होने जा रहा है। सिद्ध महायोगी परमपूज्य दादा गुरु महाराज के पावन सान्निध्य में ओंकारेश्वर से प्रारंभ हुई माँ नर्मदा की पैदल परिक्रमा आगामी 11 फरवरी 2026 को मंडला जिले के देवगांव संगम के पवित्र तट पर पहुँचेगी।इस दिव्य अवसर पर छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ स्थित अलोनी महाराज सेवा संस्थान (गणेश मठ) को माँ नर्मदा की कृपा से परिक्रमा वासियों की सेवा एवं सत्कार का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
संस्थान द्वारा परिक्रमा में सम्मिलित सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन भंडारे एवं रात्रि विश्राम की समुचित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है।सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे से किया जाएगा।बताया गया है कि छिंदवाड़ा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु 10 एवं 11 फरवरी को देवगांव संगम पहुँचकर माँ नर्मदा की सेवा एवं दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे।अलोनी महाराज सेवा संस्थान द्वारा समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से विनम्र अनुरोध किया गया है कि वे इस पुण्य सेवा कार्य में सहभागी बनें और माँ नर्मदा व गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त करें। जो श्रद्धालु देवगांव संगम में सेवा करना चाहते हैं या किसी भी रूप में सहयोग देना चाहते हैं, वे संस्थान के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।यह अवसर न केवल आध्यात्मिक साधना का है, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी एक श्रेष्ठ उदाहरण है।















