Home CITY NEWS पेंच टाइगर रिज़र्व में मंदिर के पास मिले दो कमजोर बाघ शावक,...

पेंच टाइगर रिज़र्व में मंदिर के पास मिले दो कमजोर बाघ शावक, सुरक्षित रेस्क्यू कर सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व भेजे गए

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस सिवनी (मध्य प्रदेश)।पेंच टाइगर रिज़र्व, सिवनी में वन अमले ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बाघ शावकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। घटना दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि की है, जब ग्रामवासियों द्वारा दक्षिण सिवनी वनमण्डल एवं पेंच टाइगर रिज़र्व के वन अमले को सूचना दी गई कि राजस्व ग्राम गोरखपुर में कृषि भूमि के समीप स्थित एक छोटे मंदिर के पास दो बाघ शावक देखे गए हैं।सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुँचा। जिज्ञासावश एकत्रित ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए जब स्थिति का निरीक्षण किया गया, तो पाया गया कि दोनों बाघ शावक लगभग 7 से 8 माह के हैं। वे अत्यधिक डरे हुए, कमजोर एवं भयभीत अवस्था में थे और उन्हें तत्काल गहन देखभाल की आवश्यकता थी।

बिना ट्रैंक्विलाइज़ेशन के किया गया सुरक्षित रेस्क्यू बाघ शावकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन अमले द्वारा बिना ट्रैंक्विलाइज़ेशन किए रात लगभग 2:30 बजे दोनों शावकों को दो अलग-अलग पिंजरों में सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया। इसके पश्चात उन्हें पेंच टाइगर रिज़र्व स्थित खवासा पशु चिकित्सालय ले जाया गया।पशु चिकित्सालय में शावकों को पर्याप्त भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया तथा सीसीटीवी निगरानी में विश्राम हेतु रखा गया। 03 फरवरी 2026 की सुबह दोनों बाघ शावक स्वस्थ एवं स्थिर अवस्था में पाए गए।

री-वाइल्डिंग के उद्देश्य से सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व भेजे गए शावक

क्षेत्र संचालक पेंच टाइगर रिज़र्व, सिवनी (मध्य प्रदेश) ने बताया कि मानव प्रभाव (Human Imprinting) से बचाव एवं री-वाइल्डिंग के उद्देश्य से दोनों बाघ शावकों को एक साथ परिवहन पिंजरे में रखकर सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व भेजा गया। यह पूरी कार्यवाही वन अमले एवं पशु चिकित्सा दल के समन्वित और शांतिपूर्ण प्रयासों से संपन्न की गई।वन विभाग की इस तत्परता से न केवल बाघ शावकों की जान बचाई जा सकी, बल्कि उनके बेहतर भविष्य और प्राकृतिक आवास में पुनर्वास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।—

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें