Home CRIME अवैध शराब के आरोपी को आबकारी कंट्रोल रूम से छुड़ा ले गए...

अवैध शराब के आरोपी को आबकारी कंट्रोल रूम से छुड़ा ले गए ग्रामीण, पुलिस में शिकायत, वीडियो वायरल

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा । जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव में अवैध शराब बेचने के आरोपी युवक को आबकारी विभाग की टीम द्वारा पकड़कर कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया था, लेकिन मंगलवार को सुबह ग्रामीणों की भीड़ ने आबकारी कंट्रोल रूम पर धावा बोलते हुए आरोपी को जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गई।

घटना लावाधोघरी क्षेत्र के पटनिया गांव से जुड़ी है, जहां आबकारी विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए प्रहलाद पिता कन्हैया यदुवंशी के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की थी। आरोपी के ढाबे से शराब मिलने के बाद उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) क, 34(2) एवं 36(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।आबकारी टीम आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया के तहत छिंदवाड़ा तहसील कार्यालय के पास स्थित आबकारी कंट्रोल रूम में अभिरक्षा में रखे हुए थी। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण कंट्रोल रूम पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपी युवक को अपने साथ ले गए।

घटना के बाद आबकारी विभाग ने तत्काल कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह आरोपी को अभिरक्षा से छुड़ा ले जाना बेहद गंभीर और दुस्साहसिक कृत्य है, जो छिंदवाड़ा में पहली बार सामने आया है।वहीं दूसरी ओर, आरोपी के समर्थन में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे साथ ही आरोपी युवक के साथ ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और आबकारी टीम पर युवक के साथ मारपीट करने के आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पुनः गिरफ्तार किया गया है।इस घटना ने जिले के प्रशासनिक तंत्र को सकते में डाल दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें