Home CITY NEWS पेंच टाइगर रिजर्व में घायल बाघ शावक का सफल रेस्क्यू, वन विहार...

पेंच टाइगर रिजर्व में घायल बाघ शावक का सफल रेस्क्यू, वन विहार भोपाल में होगा उपचार

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस सिवनी, 04 नवंबर 2025। पेंच टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की सूझबूझ और वन विभाग की तत्परता से एक घायल बाघ शावक का सफल रेस्क्यू किया गया।दिनांक 02 नवंबर 2025 को पेंच अभ्यारण्य क्षेत्र में भ्रमण कर रहे पर्यटकों ने एक घायल बाघ शावक को देखा और इसकी जानकारी तुरंत पेंच प्रबंधन को दी। इसके बाद 03 नवंबर की सुबह से घायल शावक की तलाश शुरू की गई। शाम 5:30 बजे हाथी महावत द्वारा बाघिन मां और दो शावकों के साथ घायल शावक को देखा गया, लेकिन प्रकाश कम होने के कारण उस समय रेस्क्यू संभव नहीं हो सका।

अगले दिन 04 नवंबर की सुबह, वन कर्मियों एवं हाथी महावतों की टीम ने पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग दोपहर 11 बजे, घायल बाघ शावक फिर से अपनी मां और एक अन्य शावक के साथ दिखाई दिया।वरिष्ठ वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा के निर्देशन में गठित रेस्क्यू दल, अधीक्षक पेंच मोगली अभ्यारण्य अनिल सोनी और परिक्षेत्र कर्माझिरी के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू दल के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी — मां बाघिन की मौजूदगी में शावक को सुरक्षित निकालना। डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में घायल बाघ शावक को निश्चेतन डार्ट मारा गया। तत्पश्चात अन्य हाथियों की मदद से घेराबंदी कर बाघिन और दूसरे शावक को सुरक्षित दूरी पर किया गया।

रेस्क्यू टीम ने तत्परता से निश्चेत बाघ शावक को वाहन में रखा और डॉक्टर मिश्रा ने मौके पर ही उपचार कर उसे चेतन किया। इसके बाद घायल बाघ शावक को इलाज के लिए वन विहार, भोपाल भेजा गया, जहां उसकी चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है।

अधिकारी का बयान:इस पूरी कार्यवाही की जानकारी पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के उप संचालक (भा.व.से.) श्री रजनीश कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ और धैर्य के साथ अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें