सतपुड़ा एक्सप्रेस जुन्नारदेव। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली यूथ टेनिस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव के दो होनहार खिलाड़ी मीत नयन निवारे और अंबर यदुवंशी रवाना हो गए हैं। यह प्रतियोगिता 1 से 3 मई तक पारादीप, ओडिशा में आयोजित की जाएगी।खिलाड़ियों के इस गौरवमयी अवसर पर कलेक्टर शीलेंद्र सिंह, एसडीएम स कामिनी ठाकुर और एसी ट्राइबल सत्येंद्र सिंह मरकाम ने शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य सी. एस. दीक्षित और समस्त विद्यालय स्टाफ ने भी दोनों खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
जुन्नारदेव से रवाना हुए खिलाड़ी पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से ओडिशा के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की टेनिस वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।जिला क्रीड़ा अधिकारी (ट्राइबल) श्री अनुरोध श्याम शर्मा ने जानकारी दी कि जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से लगातार खिलाड़ी विभिन्न विभागीय एवं फेडरेशन स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में ओपन डॉजबॉल प्रतियोगिता में भी जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है।आगामी समय में जिले के सभी विकासखंडों में खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने के लिए तैयार किया जा सके।