सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।सिवनी जिले की पेयजल समस्या को लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट जी के निर्देशानुसार सिवनी जिले की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पेंच व्यपवर्तन परियोजना के अंतर्गत एल.बी.सी. नहर से 35 एम.सी.एम. जल संजय सरोवर में छोड़े जाने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय सिवनी जिले के जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं आम जनता की मांग के अनुरूप लिया गया है।

आज दिनांक 19 अप्रैल 2025 को छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना के सांसद माननीय विवेक वंटी साहू, सिवनी विधायक मा. दिनेश मुनमुन राय, वैनगंगा कछार के मुख्य अभियंता ए.के. देहरिया सहित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में एल.बी.सी. नहर का गेट खोला गया। प्रारंभिक दो दिवसों तक 5 क्यूमेक्स की दर से तथा उसके पश्चात 20 क्यूमेक्स की दर से कुल 35 एम.सी.एम. जल संजय सरोवर में प्रवाहित किया जाएगा, जिससे सिवनी जिले की पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त, छिंदवाड़ा जिले के पेंच नदी से लगे क्षेत्रों में पेयजल, मवेशियों के लिए जल आपूर्ति एवं निस्तार हेतु 7 एम.सी.एम. जल की मांग पर, मा. सांसद महोदय के निर्देशानुसार बांध के रेडियल गेट क्रमांक 04 को खोलकर जल प्रवाह प्रारंभ किया गया।जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पेंच व्यपवर्तन परियोजना के बांध स्थल पर स्वच्छता, दुरुस्ती एवं मरम्मत कार्यों का शुभारंभ भी जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
