सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। शहर के सिवनी प्राण मोती क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 4 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब नए मकान का टावर निर्माण कार्य चल रहा था। दीवार गिरने से एक मिस्त्री और 3 महिला मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में किसी लापरवाही की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपक उईके के मकान का काम चल रहा था। इस दौरान छत पर बन रहे टॉवर की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से मिस्त्री समेत 4 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत सामान्य बताई जा रही है। घायलों में रोशनी डेहरिया (40 वर्ष), महेश (48 वर्ष), उर्मिला (42 वर्ष) और जय कुमारी (24 वर्ष) शामिल हैं।
**माचागोरा डेम में युवक का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी** छिंदवाड़ा: रविवार दोपहर माचागोरा डेम में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चौरई निवासी अंकुर सोनी (38) के रूप में हुई है। वह शनिवार रात से लापता थे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेम में तैरता हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अंकुर सोनी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था और कुछ समय पहले परिजनों ने उन्हें नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी कराया था। हालांकि, उनकी मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आगे की जांच जारी है।
