सतपुड़ा एक्सप्रेस जबलपुर: पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त, जयदीप प्रसाद के निर्देश पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त जबलपुर इकाई ने एक ट्रेप कार्यवाही में पिता-पुत्र को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आवेदक:
डॉ. दिनेश कुमार मरकाम (42 वर्ष), ग्राम गढ़ी, तहसील बैहर, जिला बालाघाट निवासी, जो संजीवनी दवाखाना नाम से क्लीनिक संचालित करते हैं।
आरोपी:
- श्री प्रवीण जैन (61 वर्ष), पद: संगणक सहायक ग्रेड 2, कार्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, बैहर।
- श्री प्रिंस जैन (29 वर्ष), बीएचएमएस (होम्योपैथी), निवासी: हॉस्पिटल कॉलोनी, बैहर।
घटना का विवरण:
डॉ. दिनेश कुमार मरकाम ने शिकायत की थी कि 23 दिसंबर 2024 को बीएमओ कार्यालय बैहर की टीम ने उनके क्लीनिक पर छापा मारा और उसे सील कर दिया। इस दौरान प्रवीण जैन ने क्लीनिक की चाबी अपने पास रख ली और इसे लौटाने के बदले ₹50,000 रिश्वत की मांग की।
शिकायत के सत्यापन के बाद, लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 2 जनवरी 2025 को सिविल अस्पताल बैहर के सामने आरोपी प्रवीण जैन और उनके पुत्र प्रिंस जैन को ₹30,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
आरोप:
आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधन) 2018 की धारा 7, 12, 13(1)(B), और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रेप टीम सदस्य:
इस कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरवड़े ने किया। उनके साथ इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके, सब इंस्पेक्टर शिशिर कुमार पांडे, और लोकायुक्त जबलपुर की टीम मौजूद रही।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्ती और आम जनता के हित में प्रशासन की सक्रियता को एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है।