Home CITY NEWS पेसा अधिनियम के तहत मोरछी में पारंपरिक रूढ़िगत ग्राम सभा संपन्न

पेसा अधिनियम के तहत मोरछी में पारंपरिक रूढ़िगत ग्राम सभा संपन्न

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

*, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।ग्राम पंचायत मोरछी जनपद पंचायत जुन्नारदेव जिला छिंदवाड़ा में पेसा अधिनियम 2022 के प्रावधानों के अंतर्गत पारंपरिक रूढ़िगत ग्राम सभा का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में सरपंच, उपसरपंच, पेसा अध्यक्ष, शांति निवारण समिति के सदस्य, पंचगण, पेसा मोबिलाइज़र सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।ग्राम सभा की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई। इसके पश्चात ग्राम विकास, सामाजिक अनुशासन एवं परंपराओं के संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित ग्रामीणों ने अपने विचार रखे और सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

*सामुदायिक वन अधिकार पर चर्चा* बैठक में सामुदायिक वन अधिकार दावे एवं आपत्तियों के संबंध में प्रस्ताव लिए गए। ग्रामीणों ने वन अधिकारों के संरक्षण एवं उनके विधिवत क्रियान्वयन पर जोर दिया। इस विषय में आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया को पूर्ण करने हेतु ग्राम स्तर पर सहयोग करने का निर्णय लिया गया।

*विवाह कार्यक्रमों के लिए नियम निर्धारित* ग्राम सभा में आदिवासी रूढ़िगत परंपराओं के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया कि विवाह कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ही संपन्न किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक अनुशासन बनाए रखने हेतु कार्यक्रम के दिन देसी एवं विदेशी शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।इसके अतिरिक्त देर रात तक डीजे संचालन पर रोक लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। यदि कार्यक्रम के दिन शराब की बिक्री की जाती है तो संबंधित व्यक्ति से 5000 रुपये का जुर्माना वसूल कर पेसा ग्राम सभा निधि में जमा कराया जाएगा।

*अवैध शराब पर नियंत्रण* ग्राम सभा में अवैध विदेशी शराब की बिक्री पर नियंत्रण हेतु सख्त रुख अपनाते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों ने इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

*जमीन फौती नामांतरण पर विशेष चर्चा* परंपरागत रूढ़ि-प्रथा के अनुसार जमीन फौती नामांतरण की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा की गई। इस विषय में ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा पारंपरिक व्यवस्था के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।बैठक के अंत में ग्रामवासियों ने एकजुट होकर ग्राम विकास, सामाजिक सद्भाव एवं परंपराओं की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों को ग्राम हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। *ग्राम सभा की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सशक्त ग्राम सभा ही सशक्त समाज की आधारशिला है।*

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें