Home MORE हर्षोल्लास व गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

हर्षोल्लास व गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें



कलेक्टर श्री पुष्प ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य
अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा// आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउण्ड पर हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने पुलिस परेड ग्राउण्ड छिन्दवाड़ा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण होते ही पुलिस परेड ग्राउण्ड ‘जन-गण-मन अधिनायक जय हे’ की गूंज से गुजांयमान हो उठा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया तथा नील गगन में हर्ष और उल्लास के प्रतीक गुब्बारे छोडे। समारोह में हर्ष फायर एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने खुली जीप में पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा तथा परेड कमांडर श्री आशीष तिवारी के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने राजस्व, पुलिस, शिक्षा, ग्रामीण विकास, आपूर्ति, शहरी विकास, जनजातीय कार्य, अभियोजन, स्वास्थ्य, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने पुलिस विभाग द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा की ओर से प्रदाय किये जाने वाले प्रशस्ति पत्रों में बालकों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ा जगत के छात्र श्री राज यदुवंशी को प्रथम, जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा के छात्र श्री मोहित कुमरे को व्दितीय व भगवान श्रीचंद विद्यालय के छात्र श्री प्रशांत पटेल को तृतीय तथा बालिकाओं में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.कुमकुम कुशवाहा को प्रथम, भारत भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.ईशा साहू को व्दितीय व शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु.रानी नागले को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया ।


कलेक्टर श्री पुष्प ने समारोह में परेड के सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये सशस्त्र बल ग्रुप में जिला महिला पुलिस बल, एन.सी.सी.सीनियर डिवीजन व वन विभाग के ग्रुप में एन.सी.सी.सीनियर डिवीजन बालक और एन.सी.सी.जूनियर/गाईड ग्रुप में एन.सी.सी.जूनियर डिवीजन बालिका को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। बेस्ट परेड में बेस्ट परेड कमांडर का पुरस्कार परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी, बेस्ट परेड सेकण्ड इन कमांडर का पुरस्कार सब इंस्पेक्टर श्री रोहित शेंडे और बेस्ट बैंड वादन के लिये विशेष सशस्त्र बल 8वीं बटालियन के प्रधान आरक्षक श्री गंगाराम आतराम को प्रदान किया गया।


कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री रूपचंद राय, शहीद मेजर अमित ठेंगे के पिता श्री मधुकरराव ठेंगे, शहीद सैनिक लालमन की पत्नी वीर नारी श्रीमती ललती बाई, शहीद सैनिक श्री भरत यादव के माता-पिता और लोकतंत्र सेनानियों का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया। समारोह में जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य श्री विवेक साहू, सर्वश्री शेषराव यादव, कन्हईराम रघुवंशी, दौलत सिंह ठाकुर, संदीप रघुवंशी व अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, सहायक कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन व सुश्री तनुश्री मीणा, अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.डी.एम. श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्री सिध्दार्थ पटेल, प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा, आयुक्त नगरपालिक निगम श्री राहुल सिंह और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस.के.गुप्ता सहित जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकार और आम नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री नरेन्द्र शक्रवार और श्री ओ.पी.शर्मा ने किया।                  
कलेक्टर श्री पुष्प ने स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर कार्यालय
प्रागंण और कलेक्टर निवास प्रांगण में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा 77वें स्वतंत्रता दिवस पर आज कलेक्टर कार्यालय प्रागंण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रीय ध्वज फहरते ही ध्वज को सलामी देने के साथ ही ‘जन गण मन अधिनायक….’ राष्ट्रगान का सभी ने गायन किया। शासकीय कलापथक दल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय ध्वनि के साथ राष्ट्रगान का गायन हुआ। कलेक्टर श्री पुष्प ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनायें भी दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, सहायक कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन, एस.डी.एम. श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्री सिध्दार्थ पटेल, प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा और उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री पुष्प द्वारा प्रात: के समय कलेक्टर निवास प्रांगण में भी ध्वजारोहण किया गया । राष्ट्रीय ध्वज फहरते ही सभी ने ध्वज को सलामी देने के साथ ही राष्ट्रगान का गायन किया। इसके अलावा सभी विभागों के कार्यालय प्रमुखों ने भी अपने विभाग के सीमित संख्या में अधिकारियों/कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।                                    
कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा के प्रशासक
श्री पुष्प ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा के प्रशासक श्री मनोज पुष्प द्वारा 77वें स्वतंत्रता दिवस पर्व पर आज जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपायुक्त सहकारी संस्थायें श्री घनश्याम डेहरिया, बैंक के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए.के.जैन, अन्य कर्मचारी और बैंक की स्थानीय शाखा कृषि, गांधी गंज, अमानत शाखा के कर्मचारी व शाखा प्रभारी और मुख्यालय के सभी कक्षों के कक्ष प्रभारी व कर्मचारियों के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नवनियुक्त 9 कर्मचारी भी उपस्थित थे।        
कलेक्टर श्री पुष्प ने ई.एफ.ए.शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नोनिया करबल छिंदवाड़ा में बच्चों के साथ खाई खीर-पूरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में विशेष भोज का हुआ आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विशेष भोज का आयोजन किया गया। नवागत कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने ई.एफ.ए.शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नोनिया करबल छिंदवाड़ा में आयोजित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में सहभागिता की और स्कूली बच्चों व अधिकारियों के साथ बैठकर खीर-पूरी और स्वादिष्ट भोजन ग्रहण किया । उन्होंने अंकुर कार्यक्रम के अंतर्गत शाला परिसर में पौधारोपण भी किया । उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्ज्वलन कर भारत माता, महात्मा गांधी व सरस्वती माता के चित्रों पर माल्यापर्ण किया और कन्याओं का पूजन करने के बाद सभी को आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पंच प्रण की यह शपथ दिलाई कि “हम शपथ लेते हैं कि… भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे, गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे, भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे, नागरिक होने का कर्तव्य निभायेंगे ।” सभी ने दाहिना हाथ आगे कर इस शपथ को दोहराया। उन्होंने स्वादिष्ट भोजन के लिये विद्यालय के प्रधान पाठक श्री गेडाम की सराहना भी की । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, सहायक कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन, अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, सहायक कलेक्टर सुश्री तनुश्री मीणा, एस.डी.एम. श्री सुधीर जैन, आयुक्त नगरपालिक निगम श्री राहुल सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस.के.गुप्ता, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल.उईके, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र श्री जे.के.इडपाचे व प्रधान पाठक श्री गेडाम के साथ ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे ।                                
कलेक्टर श्री पुष्प हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों की तिरंगा जागरूकता रैली में हुए शामिल तिरंगा जागरूकता रैली में विद्यार्थियों के साथ ही अधिकारियों,कर्मचारियों और नागरिकों ने की सहभागिता
कलेक्टर श्री मनोज पुष्प 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। इसी क्रम में कलेक्टर श्री पुष्प नोनिया करबल में ई.एफ.ए.शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा जागरूकता रैली में भी शामिल हुए। इस तिरंगा जागरूकता रैली में पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, सहायक कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन, अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, सहायक कलेक्टर सुश्री तनुश्री मीणा, एस.डी.एम. श्री सुधीर जैन, आयुक्त नगरपालिक निगम श्री राहुल सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस.के.गुप्ता, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल.उईके, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र श्री जे.के.इडपाचे व प्रधान पाठक श्री गेडाम के साथ ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर सहभागिता की । “वंदे मातरम”, “भारत माता की जय”, “जय जवान जय किसान” आदि नारों से छिंदवाड़ा नगर को गुंजायमान करती हुई स्कूली विद्यार्थियों की यह तिरंगा जागरूकता रैली स्कूल प्रांगण से निकलकर मुख्य मार्ग पर चलती हुई पुन: स्कूल प्रांगण में पहुंची जहां इस रैली का समापन हुआ । कलेक्टर श्री पुष्प ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर शहरवासियों के उत्साह की सराहना की।                                                

जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कल्याण संयोजक श्री राजेश पाटिल ने स्टाफ व पूर्व सैनिकों के साथ ध्वजारोहण किया । सभी ने पंच प्रण की शपथ ली और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं । इसके बाद सभी ने शहीद स्मारक जाकर शहीदों को  पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें  नमन किया ।            

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें