पशुपालन विभाग में दूसरे व्यक्ति द्वारा लॉगिन आईडी से काम कराने के आरोप
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। पशुपालन विभाग छिंदवाड़ा में सेवानिवृत्त कर्मचारी से कथित तौर पर विभागीय कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त हो चुके एक कर्मचारी द्वारा विभाग की लेखा शाखा से संबंधित कार्य अब भी किया जा रहा है। खास बात यह है कि संबंधित कार्य वर्तमान में पदस्थ महिला कर्मचारी की लॉगिन आईडी के माध्यम से किए जाने की बात सामने आ रही है।
महिला कर्मचारी की लॉगिन आईडी से कार्य कराने का आरोप मामले में आरोप लगाया जा रहा है कि लेखा शाखा का कार्य देख रही महिला कर्मचारी द्वारा अपनी लॉगिन आईडी से सेवानिवृत्त कर्मचारी को विभागीय कार्य करने की सुविधा दी जा रही है। यदि ऐसा है तो विभागीय लॉगिन और अधिकृत यूजर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं।
रात्रि में बिल लगाए जाने का भी आरोप जानकारी के अनुसार, पशुपालन विभाग छिंदवाड़ा में सेवानिवृत्त कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर रात्रि के समय भी बिल लगाने का कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि विभागीय लेखा संबंधी कार्य कार्यालयीन समय के बाहर भी अनधिकृत रूप से किए जा रहे हैं।
इमलीखेड़ा स्थित पॉल्ट्री फार्म में भी काम कराने की चर्चा बताया जा रहा है कि यही व्यवस्था पशुपालन विभाग के पॉल्ट्री फार्म इमलीखेड़ा में भी होने का आरोप है। संबंधित महिला कर्मचारी की लॉगिन आईडी के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारी से लेखा शाखा से जुड़े कार्य कराए जाने की बात कही जा रही है।
जांच होने पर सामने आ सकता है पूरा मामला,मामले की निष्पक्ष जांच होने पर यह स्पष्ट हो सकता है कि सेवानिवृत्ति के बाद संबंधित कर्मचारी को विभागीय कार्य करने की अनुमति किस स्तर से मिली और किसकी लॉगिन आईडी से कौन-कौन से कार्य किए गए। साथ ही रात्रि में लगाए गए कथित बिलों की भी जांच की आवश्यकता है।
यदि विभागीय सिस्टम में लॉगिन आईडी के उपयोग और बिलों का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध है, तो उसकी जांच से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पशुपालन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।















