छिंदवाड़ा में नारकोटिक्स कोर्डिनेशन की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाडा : गुरूवार, जुलाई 2, 2026, कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में विगत दिवस कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोर्डिनेशन (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, जेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी, नगर निगम, सामाजिक न्याय, जिला नशामुक्ति सह पुनर्वास केंद्र, जनसंपर्क, जीएसटी, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान तथा विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस विभाग ने बताया कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों से 21 किलो 162 ग्राम गांजा तथा 194 किलो 500 ग्राम अफीम डोंडा के पौधे, कुल कीमत 21.73 लाख रुपये के मादक पदार्थ जप्त किए गए हैं। जिले के 11 स्थानों को हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित कर निगरानी की जा रही है तथा 13 आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके डोजियर तैयार किए जा रहे हैं। जिले में एनडीपीएस एक्ट के कुल 22 प्रकरणों में 4 जुलाई 2026 को 79 किलो 736 ग्राम गांजा एवं 26 किलो 394 ग्राम अफीम के पौधों के नष्टीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के 17 शासकीय शैक्षणिक संस्थानों को शिक्षा विभाग की मदद से ड्रग फ्री जोन के रूप में लागू किया गया है।
निदान पोर्टल पर जिले के कुल 209 एनडीपीएस एक्ट के अपराधियों का डेटा उपलब्ध है, जिन पर लगातार नज़र रखी जाकर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री नारायन ने पुलिस विभाग को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर क्षेत्र को ड्रग फ्री जोन बनाने तथा विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि उमंग योजना के अंतर्गत शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है तथा विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर शपथ दिलाई गई है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जानकारी दी कि नशा छोड़ चुके लोगों की सक्सेस स्टोरी तैयार कर प्रचारित की जा रही है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर भी जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 निरुद्ध दंडित बंदी और 5 विचाराधीन बंदी निरुद्ध हैं। जेल में विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री नारायन ने जेल परिसर के आसपास नियमित पेट्रोलिंग एवं नगर निगम की सहायता से अवैध गुमटियों को हटाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा जेल एवं जगन्नाथ स्कूल के आसपास की अवैध गुमटियां हटाने की जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति संबंधी ऑडियो-वीडियो संदेशों का प्रचार कचरा वाहनों एवं शासकीय एलईडी स्क्रीन के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया।
मातृ सेवा संघ संचालित जिला नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के सुरेश सरसवार ने बताया कि वर्तमान में केंद्र में चार नशा पीड़ित व्यक्तियों का उपचार एवं परामर्श जारी है। कलेक्टर श्री नारायन ने अधिक से अधिक पीड़ितों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर नशा मुक्ति संदेश तैयार कर प्रचारित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला औषधि अधिकारी ने बताया कि नियमों के उल्लंघन पर चार मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं आबकारी विभाग द्वारा मई माह में 358 प्रकरण दर्ज कर बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब एवं हाथभट्टी मदिरा जप्त करने की कार्यवाही की गई है।
स्टेट जीएसटी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सेल परचेस बिल की लगातार जांच करें और आगामी बैठक में कार्रवाई की संख्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करें। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में सभी विभाग नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थ नियंत्रण संबंधी अपनी-अपनी कार्रवाई का प्रस्तुतीकरण देंगे, ताकि जिले में समन्वित अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, नशे के दुष्प्रभावों से होने वाले नुकसान के बारे में जनजागरूकता कार्यक्रम प्रभावी रूप से चलाए जाने पर जोर दिया गया।















