Home CITY NEWS सूर्यवंशी (कलार) समाज ने किया मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

सूर्यवंशी (कलार) समाज ने किया मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। सूर्यवंशी (कलार) समाज, छिंदवाड़ा द्वारा कलार समाज के सभी वर्गों के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु “मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम 2026” का भव्य आयोजन कृष्णा लॉन, छिंदवाड़ा में किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक बंधुओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर छिंदवाड़ा हरेंद्र नारायन जी रहे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया तथा समाज की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना की। इस अवसर पर कुलपति महोदय त्रिपाठी जी , श्री जी. एस. बघेल सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय महाविद्यालय चांद के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

समस्त कार्यकारिणी द्वारा सभी अतिथियों एवं सामाजिक बंधुओं का स्वागत किया गयासमारोह में समाज के 120 से अधिक 10वी एवं 12 वी के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित सामजिकजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल “एक वृक्ष समाज के नाम” अभियान रही, जिसके अंतर्गत सभी सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए। समाज के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से इन पौधों का संरक्षण कर पर्यावरण संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी करियर मार्गदर्शकों ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मार्गदर्शकों के प्रेरणादायी उद्बोधन से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति नई दिशा एवं ऊर्जा प्राप्त हुई।समाज के वरिष्ठजनों एवं आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक बंधुओं, अभिभावकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन समाज में शिक्षा, प्रतिभा सम्मान एवं सामाजिक एकता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें