सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा/सौंसर । जिले के सौंसर क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की जोर आजमाइश चल रही है, एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने अवैध शराब से भरी एक बोलेरो वाहन को पकड़कर जब्त किया, लेकिन रास्ते में आरोपियों ने वाहन छुड़ाने के लिए फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। आरोपियों ने चलती गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, कांच तोड़कर शराब की पेटियां बाहर फेंकी और मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 की शाम ऊटेकाटा मार्ग स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे बोलेरो वाहन क्रमांक एमएच-27 एसी-5039 संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। वाहन में शराब की बोरियां होने की सूचना पर शराब ठेकेदार के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम संदीप बावने पिता प्रकाश बावने (34) निवासी रामाकोना बताया। उसने वाहन में अंग्रेजी शराब होना स्वीकार करते हुए कहा कि शराब अभय राठौर निवासी रामाकोना द्वारा लाकर दी गई थी और उसे रामाकोना में उतारना था।
कर्मचारियों द्वारा वाहन को थाना ले जाने की बात कहने पर चालक ने भागने का प्रयास किया। बताया गया कि जब कर्मचारी बोलेरो वाहन को लेकर सौंसर की ओर जा रहे थे, तभी रेलवे ब्रिज के ऊपर 3-4 युवक मोटरसाइकिल लगाकर वाहन रोकने लगे। वाहन धीमा होते ही एक युवक बोलेरो में घुस गया और कर्मचारियों से झूमाझटकी करने लगा। इस दौरान आरोपी ने बोलेरो का पिछला कांच तोड़ दिया और अंदर रखी शराब की पेटियां सड़क पर फेंकने लगा।घटना के दौरान आरोपी चलती गाड़ी से नीचे गिरकर घायल हो गया, जबकि अन्य साथी मौके से फरार हो गए। सड़क पर फेंकी गई शराब की बोतलें लोग बोरियों में भरते नजर आए। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाशी ली। वाहन से 34 नग 180 एमएल देशी प्लेन शराब तथा 75 नग 180 एमएल ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
आरोपी संदीप बावने से शराब संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने अवैध शराब एवं बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी अभय राठौर सहित 2-3 अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट तथा धारा 126(2), 324(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।















