सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा । जिले के तिगांव क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पांढुर्णा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल सहित घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को ग्राम तिगांव निवासी ओमकार पिता रामचंद्र सोने (55 वर्ष) दोपहर करीब 3 बजे पांढुर्णा रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रूजर तूफान वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-28 MM 1018) को टक्कर मार दी। वाहन चालक विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया, जिससे प्रार्थी घबराकर अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर वहां से भाग गया। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।
अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुन्दर सिंह कनेश के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी एवं एसडीओपी ब्रजेश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित दानी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ, मुखबिरों से जानकारी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान 6 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी मनोज कावडे (40 वर्ष) एवं वाहन मालिक रमेश पिता गुलाबराव बेहरे (59 वर्ष), दोनों निवासी मोर्शी जिला अमरावती (महाराष्ट्र), को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल (MP-28 MM 1018) तथा घटना में प्रयुक्त तूफान क्रूजर वाहन (MH 27 BV 8829) जब्त किया है।इस चोरी के खुलासे में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित दानी, उपनिरीक्षक शिवपाल सरियाम, सहायक उपनिरीक्षक शिवकरण पांडे, प्रधान आरक्षक गजानन मागुलकर, आरक्षक शिवा अवतार जाट, आरक्षक अखलेश हिंगवे एवं सायबर सेल पांढुर्णा की विशेष भूमिका रही।पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।















