खनिज विभाग से कलेक्टर न्यायालय में भेजा जाएगा प्रकरण
सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा :- कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने हेतु खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को खनिज विभाग की टीम ने पांढुर्णा तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पांढुर्णा – मुलताई नेशनल हाईवे मार्ग पर एक बिना नंबर का नीले रंग का फार्मट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया।खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत सहित जप्त कर लिया। जप्त वाहन को पुलिस थाना कोतवाली पांढुर्णा में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। अवैध परिवहन के मामले में प्रकरण दर्ज कर जुर्माना अधिरोपित करने हेतु मामला कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा को भेजा जाएगा। इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी महेश नगपुरे सहित खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा।















