*गौ सेवा से पुण्य मिले, मिटे सभी संताप।जिस घर में गौ वास हो, बसता वहाँ प्रताप॥
12 मार्च को होगा बजरंग गौशाला का लोकार्पण**
सतपुड़ा एक्सप्रेस जाम सांवली/सौसर।सुप्रसिद्ध आस्था केंद्र चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर जामसांवली में गौसेवा और धर्मसंरक्षण का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जामसांवली धाम में नव निर्मित बजरंग गौशाला का भव्य लोकार्पण आगामी 12 मार्च को शाम 6 बजे , कलेक्टर एवं न्यास प्रबंधक श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के करकमलों से किया जाएगा। कार्यक्रम में मंदिर संस्थान ट्रस्ट के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
*शासन से प्राप्त 25 एकड़ भूमि में हुआ आधुनिक निर्माण*म. प्र. शासन से प्राप्त 25 एकड़ भूमि में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए इस गौशाला का निर्माण कराया गया है। लगभग 15 हजार वर्गफुट क्षेत्र के दो विशाल शेड बनाए गए हैं, जहाँ गौवंश के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथियों के लिए गौभोजन कक्ष, गौशाला हेतु जल संरचना (डैम) तथा नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर लगभग 600 मीटर लंबाई की सड़क का निर्माण कराया गया है। परिसर का सौंदर्यीकरण और विद्युतिकरण भी आकर्षक ढंग से किया गया है।
*800 गौवंश के संरक्षण की व्यवस्था*
चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित इस बजरंग गौशाला में लगभग 800 गौवंश के संरक्षण और पालन-पोषण की व्यवस्था की जा रही है। गौशाला परिसर में चारा संधारण केंद्र, गौमाता के उपचार के लिए चिकित्सा सेवा कक्ष तथा गौसेवकों के लिए आश्रय कक्ष भी निर्मित किए गए हैं। लोकार्पण के पश्चात मंदिर परिसर में स्थित गौशाला के गौवंश को यहाँ व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाएगा।साथ ही नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर भव्य गौशाला प्रवेश द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।मंदिर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौसेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है।
जामसावली धाम में बनने वाली यह अत्याधुनिक गौशाला केवल गौमाता की सेवा का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा का प्रेरणास्रोत भी बनेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित होकर गौसेवा के इस पवित्र कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।















