सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा । मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री साध्वी उमा भारती अल्प प्रवास पर पांढुर्णा पहुंचीं। इस अवसर पर उन्होंने जामसांवली धाम स्थित चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दर्शन किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साध्वी सुश्री उमा भारती जी नागपुर प्रवास से लौटते समय पांढुर्णा पहुंचीं, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विश्राम किया। इसके पश्चात शनिवार सुबह वे जामसांवली धाम पहुंचीं। पांढुर्णा आगमन पर भाजपा अग्रवाल मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंटी छगानी ने कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।
मंदिर परिसर में मंदिर समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने साध्वी उमा भारती का स्वागत एवं सम्मान किया। पूजा-अर्चना उपरांत मंदिर संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद साध्वी उमा भारती भोपाल प्रवास के लिए रवाना हो गईं।















