सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ का तीन दिवसीय प्रवास पर छिन्दवाड़ा आगमन होने जा रहा है। छिन्दवाड़ा प्रवास के दौरान वे छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्ना जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों में सम्मिलित होने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भी उपस्थित होंगे। जिला कांग्रेस कार्यालय द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार दिनांक 5 जनवरी 2025 को प्रात: 07.30 बजे कमलनाथ व नकुलनाथ विशेष वायुयान द्वारा दिल्ली से प्रस्थान करेंगे। प्रात: 09 बजे नेताद्वय का ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर आगमन होगा। तदोपरांत प्रात: 10 बजे नेताद्वय शिकारपुर में पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी की आयोजित बैठक में सम्मिलित होंगे। प्रात: 10.30 बजे शिकारपुर में प्रभारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस अध्यक्षों की आयोजित बैठक में सम्मिलित होने के पश्चात कमलनाथ व नकुलनाथ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में उपस्थित होंगे।
दिनांक 06 जनवरी 2025 को अपने पूर्व निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार कमलनाथ व नकुलनाथ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में उपस्थित होने के साथ ही अपराहंत 05 बजे शिकारपुर में आयोजित नगर निगम शहर व नगर निगम ग्रामीण के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक में सम्मिलित होंगे। दिनांक 07 जनवरी 2025 को कमलनाथ व नकुलनाथ प्रात: 09 बजे विशेष वायुयान से छिन्दवाड़ा से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
——————————————
शहर महिला कांग्रेस ने मनाई सावित्री बाई फुले की जयंती छिन्दवाड़ा:- महान समाज सेविका, समाज सुधारक व देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती पर शहर महिला कांग्रेस के द्वारा स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में सावित्री बाई फुले के छायाचित्र पर कांग्रेस परिवार के सदस्यों ने माल्यार्पण व श्रद्धा के पुष्प अर्पित कर नमन किया। आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कांग्रेस के वक्ताओं ने कहा कि सावित्री बाई फुले ने आजीवन शोषित, पीडित व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए प्रखरता से आवाज उठाई साथ ही नारी शिक्षा की समाज में अलख जगाई। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज को सुधारने व नई दिशा देने में समर्पित किया। कार्यक्रम में नगर महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस व जिला कांग्रेस सहित कांग्रेस के सभी विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजित कार्यक्रम को कांग्रेस के अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

—————————————–
शहर के पार्क व सेल्फी पाइंट हो रहे दुर्दशा के शिकार कांग्रेस पार्षद दल ने निगम कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
छिन्दवाड़ा:- शहर के सौंदर्यीकरण में चार चांद लगाने वाले पार्क एवं सेल्फी पाइंट दुर्दशा के शिकार हो रहे। पार्कों में पहुंचने वाले लोगों को गंदगी के साथ ही टूटी हुई रैलिंग से लेकर अन्य अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही विभिन्न समस्याओं के निदान की मांग लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने निगम कमिश्नर को ज्ञापन प्रस्तुत किया। निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा दाढ़े के नेतृत्व में कांग्रेस के पार्षदगणों ने नगर पालिक निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी विभिन्न मागों का ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया है कि शहर में स्थित पार्क व अन्य सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाना नितांत आवश्यक है। वर्तमान में शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पार्कों में सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्य नहीं हो रहे जिसके चलते वे उजाड़ होते जा रहे हैं, किन्तु नगर पालिक निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है जिसके चलते क्षेत्रवासियों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं निगम की लापरवाही के चलते शहर को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य प्रभावित हो रहा है। प्रस्तुत ज्ञापन में कांग्रेस के पार्षद दल ने आगे उल्लेख किया कि जहां एक ओर स्वच्छता को लेकर नगर पालिक निगम में निरंतर बैठकों का दौर जारी है तो वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई है। उन्होंने निगम कमिश्नर से यह मांग की है कि जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर इस ओर शीघ्र अतिशीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय नगर पालिक निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, नेता प्रतिपक्ष हंसा अम्बर दाढ़े, पार्षद श्रीमती मंजू बैस, श्रीमती सरला सिसोदिया, श्रीमती सरिता काले, श्रीमती नौशीन फरहा कुरैशी व टिंकू राय उपस्थित रहे।
——————————-
सक्रिय महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी-शहर महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
छिन्दवाड़ा:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देशानुसार मोर्चा संगठनों को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में आज स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में शहर महिला कांग्रेस की आवश्यक बैठक आहुत की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करने के साथ ही नववर्ष मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। शहर महिला कांग्रेस की आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि सक्रिय महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में युवा पीढ़ी को कार्य करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में आगामी दिवसों में शहर महिला कांग्रेस के द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में उपस्थित महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के सुझाव भी सुने गए। नवनियुक्त शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दीपा यादव का कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के द्वारा सम्मान किया गया। आयोजित बैठक को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, मप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी, मोर्चा संगठ के प्रभारी आनंद बक्षी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती किरण चौधरी व शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती दीपा यादव ने सम्बोधित किया। आयोजित कार्यक्रम में समस्त महिला कांग्रेस व कांग्रेस के पार्षदगण भी उपस्थित रहे।
