जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद श्री साहू ने ध्वजारोहण कर सलामी ली,विद्यार्थियों ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिखाया प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास विकास प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र, हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी किया गया,किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसान भी हुए सम्मानित, प्रतीक स्वरूप ट्रैक्टर, बुलेट और ई – स्कूटी की चाबी सौंपी ,स्वामित्व योजना में अच्छा कार्य कर रहे पटवारियों और तकनीकी सहायक को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह देश का दिल है हमारा राज्य – मुख्य अतिथि सांसद श्री साहू,विकसित छिंदवाड़ा ,आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर बढ़ते कदम – सांसद श्री साहू
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा// प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस जिले में उत्सव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। सांसद श्री साहू द्वारा ध्वजारोहण कर सलामी ली गई। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान का ध्वनि वादन किया गया। जिसके बाद राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान का ओज पूर्ण गायन किया गया।

समारोह में नगर निगम महापौर विक्रम अहके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, डीआईजी राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय सहित पुलिस, प्रशासन व विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। देश का दिल, हमारा मध्यप्रदेश – राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने सभी जिलेवासियों को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की ओर से राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी और प्रदेश के निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ते रहने और प्राकृतिक संपदाओं से प्रचुर रहने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारा राज्य देश का दिल है।
पूरे भारत में मध्यप्रदेश की गूंज है। ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक संपदाओं से प्रचुर हमारे प्रदेश में देश का दिल धड़कता है। हमारे बाघों की दहाड़ पूरी दुनिया में गूंजती है। हमारा राज्य मां नर्मदा और ताप्ती का उद्गम स्थल है। आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश के विजन के अनुरूप जिला छिंदवाड़ा भी विकास के लक्ष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर है। माननीय मुख्यमंत्रीजी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार करने के लिए विकसित जिले की संकल्पना और योजना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं । सरकार के प्रयास और जनसहयोग से छिन्दवाड़ा जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यही हमारे जिले को विशेष बनाती हैं। शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे जिले में आए सकारात्मक बदलावों की विस्तार से जानकारी देते हुए सांसद श्री साहू ने कहा कि हमारे छिंदवाड़ा की पहचान यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और भारिया जनजाति की विशिष्ट परंपराओं से है। पातालकोट से लेकर जिले के ग्रामीण अंचलों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय परिवारों को आवास, सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसान हमारे जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा उद्यानिकी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता और आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जल संरक्षण के लिए हजारों कृषि तालाबों का निर्माण किया गया है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
आयुष्मान भारत योजना, टीबी मुक्त अभियान और सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं स्कूटी वितरण जैसी योजनाओं से प्रोत्साहित किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजनायें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है तथा जिले में नए उद्योगों की स्थापना से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना, माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना और सड़क निर्माण जैसे बड़े विकास कार्य जिले के भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। पर्यटन के क्षेत्र में होम स्टे योजना तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
विद्यार्थियों ने दी मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां – प्रदेश के स्थापना दिवस के जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश का गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को प्रदर्शित किया, जिसने सभी को ओज से भर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, छात्राओं ने लोकनृत्य के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया। द्वितीय स्थान पर पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहा, छात्राओं ने आदिवासी संस्कृति से सजा हुआ आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, टैलेंट राइजिंग पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसके विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत – प्रोत नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहीं प्रस्तुतियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र – मुख्य समारोह में 6 विभागों द्वारा विभागीय विकास एवं उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जो सभी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद मुख्य अतिथि श्री साहू के साथ सभी अतिथियों व आधिकारियों ने विकास प्रदर्शनी का भी रुचिपूर्वक अवलोकन किया और सराहना की। इस दौरान नगर निगम छिंदवाड़ा ने स्वच्छ भारत मिशन पर केन्द्रित, कृषि विभाग ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती पर, उद्यानिकी विभाग ने विभागीय योजनाओं और उत्पादों पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई। पशुपालन विभाग, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र ने भी विभागीय योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा समूह द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों और पातालकोट आजीविका के उत्पाद शहद, कुकीज, मिलेट्स, महुआ कुकीज आदि प्रदर्शित किए गए।
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व कृषि क्विज 2026 के विजेता हुए सम्मानित – वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से कृषि “लोकोत्सव – 2026” के अंतर्गत 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 के मध्य आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व कृषि क्विज 2026 के जिले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरुस्कार प्राप्त विजेताओं को भी मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके और कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा प्रथम पुरुस्कार प्राप्त चंद्रा चंद्रवंशी को प्रतीक स्वरूप राशि ₹ 7.26 लाख के ट्रैक्टर की चाबी और प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया। पूजा साहू को द्वितीय पुरस्कार के अंतर्गत प्रतीक स्वरूप राशि ₹ 1.68 लाख की बुलेट की चाबी और प्रशस्ति पत्र तथा मनोज चन्द्रवंशी को तृतीय पुरस्कार के अंतर्गत प्रतीक स्वरूप राशि ₹ 1.20 लाख की ई – स्कूटी की चाबी और प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि सीधे उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से शासन स्तर से ट्रांसफर की गई है। इतनी बड़ी राशि के पुरुस्कार पाकर सभी विजेता उत्साहित हैं, और उन्होंने शासन को इस तरह की कृषि क्विज आयोजन के लिए धन्यवाद भी दिया।
गोपालकृष्ण ग्राम पुरुस्कार योजना के विजेता हुए सम्मानित – समारोह में जिले के चयनित वृंदावन ग्रामों में और विकासखंड स्तर पर आयोजित गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को भी पुरुस्कार की राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा प्रदेश में देशी नस्ल की दुधारू गायों के संरक्षण, संवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत प्रथम पुरुस्कार प्राप्त दुर्गेश पावर को 1 लाख रुपए की राशि, द्वितीय पुरस्कार प्राप्त प्रकाश लिखीराम को 50 हजार रुपए की राशि और तृतीय पुरुस्कार प्राप्त वीरेंदर दशरथ पवार को 25 हजार रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हितग्राहियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ – समारोह में विभिन्न विभागों की योजनाओं से हाल ही में लाभान्वित हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। जिनमें राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 72 स्व – सहायता समूहों को 2 करोड़ 88 लाख रूपये की सीसीएल राशि का चेक, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत आकाश कुमार सूर्यवंशी को जनरल स्टोर के लिए 4 लाख रूपये और अजय माहोरे को रैस्टोरेंट के लिए 6 लाख रूपये की ऋण राशि के चेक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत बलराम भादे को बैंक ऋण पर बकरी प्रदाय योजना का स्वीकृति आदेश व सीएम डेयरी प्लस योजना के तहत रोशन माहोरे को 1.47 लाख रूपये की अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र, कु. हर्षिता यादव व कु. लावण्या कहार को लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की पीएम सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के अंतर्गत मनोज पवार को 3.86 लाख और महिला धनोरिया को 2.92 लाख रूपये की राशि के लोन स्वीकृति पत्र प्रदाय किए गए।
कृषि विभाग के तहत सतपुड़ा महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी छिंदवाड़ा के 300 किसानों और राजाभोज एफपीओ मोहखेड़ के 300 किसानों को योजना के अंतर्गत सरसों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया। स्वामित्व में उत्कृष्ट कार्य कर रहे पटवारी और तकनीकी सहायक भी हुए सम्मानित – जिले में स्वामित्व योजना का क्रियान्वन निरंतर प्रगति पर है और छिंदवाड़ा जिला लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में अच्छा कार्य कर रहे पटवारियों का उत्साह बढ़ाने और उनमें नई ऊर्जा का संचार करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
योजना में कार्यपूर्णता प्रतिशत के आधार पर टॉप 5 पटवारियों में क्रमशः तहसील तामिया के कपिल कपाले, उमरेठ की अर्पिता तेलगोटे, चौरई की नीतू उइके, तामिया के लोकेंद्र नरगवां और जुन्नारदेव के रमेश कुमार धुर्वे को प्रशस्ति पत्र दिया गया। सर्वाधिक रजिस्ट्री पूर्णता के आधार पर टॉप 5 पटवारियों में क्रमशः तहसील छिंदवाड़ा के सुमित कुमार, उमरेठ के दिवीप्रशांत डेहरिया, मोहखेड़ के विवेक राणे, बिछुआ के पवन वर्मा और चौरई के सुरेश कुमार चौरिया को सम्मानित किया गया। वहीं तकनीकी सहयोग एवं रिपोर्टिंग के लिए भू संसाधन प्रबंधन कार्यालय के तकनीकी सहायक पूनमचंद डेहरिया को प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।















