सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू और विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने किया लोकार्पण
सतपुड़ा एक्सप्रेस :अमरवाड़ा रिपोर्ट:आलोक सूर्यवंशी
अमरवाड़ा:बार एसोसिएशन अमरवाड़ा की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। नगर पालिका परिषद अमरवाड़ा द्वारा निर्मित बार रूम भवन का शुभारंभ गुरुवार को सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू एवं अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने किया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम कटारे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
लंबे समय से थी बार रूम भवन की मांग
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम कटारे ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए बार रूम भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू, विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह और नगर पालिका परिषद के सहयोग से यह मांग पूरी हुई है।
उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा समय-समय पर बार एसोसिएशन को सहयोग दिया जाता रहा है। इसके लिए उन्होंने सभी अधिवक्ताओं की ओर से आभार व्यक्त किया।
सुलभ न्याय के लिए अधिवक्ताओं के साथ खड़े रहेंगे : सांसद
सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू ने कहा कि न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आम नागरिकों को सुलभ और सहज न्याय मिल सके, इसके लिए अधिवक्ताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है।उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
नए कचहरी परिसर को लेकर विधायक ने रखी बात
अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने कहा कि अमरवाड़ा में नया कचहरी परिसर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कचहरी परिसर को किसी अन्य स्थान पर ले जाने से आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो सकती है।विधायक ने कहा कि अधिवक्ताओं के सहयोग से ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे आम लोगों को न्यायालय आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को जब भी किसी सहयोग की आवश्यकता होगी, वे उनके साथ खड़े रहेंगे। विधायक ने बार एसोसिएशन को नए बार रूम भवन के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं।
सतपुड़ा एक्सप्रेस | अमरवाड़ा
रिपोर्ट — आलोक सूर्यवंशी















