Home CITY NEWS शिक्षकों ने भगवान श्री गणेश के चरणों में लगाई सामूहिक अर्जी

शिक्षकों ने भगवान श्री गणेश के चरणों में लगाई सामूहिक अर्जी

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

TET से मुक्ति, प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना एवं OPS बहाली की उठाई मांग

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, छिंदवाड़ा के तत्वावधान में आज शिक्षक-शिक्षिकाओं ने न्याय, अधिकार एवं सम्मान से जुड़ी मांगों को लेकर भगवान श्री गणेश के चरणों में सामूहिक अर्जी एवं ज्ञापन प्रस्तुत किया। अर्जी के माध्यम से वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।

शिक्षकों ने भगवान श्री गणेश से प्रार्थना करते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन नियमों एवं निर्धारित पात्रताओं के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी तथा पिछले 20-25 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में लंबे समय बाद TET लागू किया जाना शिक्षकों के लिए चिंता का विषय है। शिक्षकों ने TET से स्थायी मुक्ति एवं ‘गो बैक TET’ की मांग उठाई।इसके साथ ही शिक्षकों ने प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा की गणना करते हुए समस्त सेवा लाभ प्रदान करने तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

शिक्षकों ने कहा कि उनकी पूर्व सेवाओं को सम्मान दिया जाना चाहिए और वर्षों की सेवा के अनुरूप उन्हें उनके अधिकार एवं लाभ प्रदान किए जाने चाहिए।अर्जी में शिक्षकों ने भगवान श्री गणेश से नीति-निर्माताओं को सद्बुद्धि एवं संवेदनशीलता प्रदान करने तथा शिक्षकों के संघर्ष को मजबूती देने की प्रार्थना की। शिक्षकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि शिक्षकों के साथ न्याय, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित कराना है।

कार्यक्रम में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ, छिंदवाड़ा; आजाद शिक्षक परिषद, छिंदवाड़ा; मध्यप्रदेश अध्यापक शिक्षक संघ, छिंदवाड़ा; शासकीय गुरुजी संघ, छिंदवाड़ा एवं कर्मचारी कल्याण कोष, छिंदवाड़ा सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।इसके अलावा अमरवाड़ा, चौरई, परासिया, मोहखेड़, बिछुआ, छिंदवाड़ा एवं जुन्नारदेव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अध्यापक-शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रोहित राम टेकरे, कमल किशोर साहू, योगेश दुबे, राजेंद्र करमेले, दिलीप नागवंशी, सतीश पवार, मनोज कोलारे, संतोष बघेल, अनीश मंसूरी, करुणा हानोते एवं सरोज बघेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता कमल किशोर साहू एवं जिला संयोजक रोहित राम टेकरे ने कहा कि शिक्षक वर्षों से अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से दे रहे हैं। उनकी मांगें उनके सम्मान, सेवा-सुरक्षा एवं भविष्य से जुड़ी हुई हैं। शासन से अपेक्षा है कि शिक्षकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

शिक्षकों ने एक स्वर में कहा—“शिक्षकों के साथ न्याय हो, मध्यप्रदेश के साथ न्याय हो।”

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें