Home CITY NEWS छिंदवाड़ा में छात्राओं के विरोध के बाद रजनी उइके को आश्रम का...

छिंदवाड़ा में छात्राओं के विरोध के बाद रजनी उइके को आश्रम का प्रभार नहीं मिला, जांच समिति गठित

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। आदिवासी कन्या आश्रम हिन्दी माध्यम, कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा की छात्राओं द्वारा आश्रम अधीक्षक के प्रभार को लेकर 14 अगस्त को चौकी थाना परिसर में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया गया। छात्राओं ने श्रीमती रजनी उइके को तत्काल आश्रम से हटाने और उन्हें प्रभार नहीं दिए जाने की मांग की।मामले की जानकारी मिलने पर जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक को पुलिस चौकी दल के साथ भेजा गया। अधिकारियों ने छात्राओं से चर्चा कर उनकी मांग और पूरे मामले की जानकारी ली।

न्यायालय के आदेश के बाद हुआ था प्रशासनिक बदलाव विभाग के अनुसार, आश्रम की तत्कालीन अधीक्षक श्रीमती अनीता दाहिया द्वारा माननीय उच्च न्यायालय में याचिका क्रमांक W.P. 24998/2026 प्रस्तुत की गई थी। न्यायालय ने 6 जुलाई 2026 को आदेश जारी कर उनके अभ्यावेदन का 30 दिनों में निराकरण करने के निर्देश दिए थे।न्यायालय के आदेश के पालन में विभाग ने 12 अगस्त 2026 को श्रीमती अनीता दाहिया के अभ्यावेदन का निराकरण करते हुए उन्हें उनकी मूल पदस्थ संस्था माध्यमिक शाला थोटामाल, विकासखंड बिछुआ के लिए कार्यमुक्त करने का आदेश जारी किया।इसके बाद आश्रम का प्रभार श्रीमती रजनी उइके, प्राथमिक शिक्षक (उच्च पद प्रभार), जो वर्तमान में आदिवासी बालक आश्रम 120 सीटर छिंदवाड़ा में संलग्न थीं, को देने के निर्देश दिए गए थे। आदेश के तहत उनका संलग्नीकरण समाप्त कर उन्हें आदिवासी कन्या आश्रम हिन्दी माध्यम 110 सीटर, कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा में प्रभार ग्रहण करने के लिए आदेशित किया गया था।

छात्राओं की मांग पर बदला गया प्रभार रजनी उइके को प्रभार दिए जाने की जानकारी के बाद छात्राएं पुलिस चौकी पहुंचीं और उन्हें आश्रम का प्रभार नहीं दिए जाने की मांग की। विभाग ने छात्राओं की मांग को स्वीकार करते हुए फिलहाल आश्रम का अतिरिक्त प्रभार श्रीमती सरिता परतेती, अधीक्षक माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास, को सौंप दिया है। छात्राओं को भी इस निर्णय की जानकारी दी गई।

अनीता दाहिया और रजनी उइके को कारण बताओ नोटिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यालयीन पत्र क्रमांक 4384/शिका/जजाकावि/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026 के माध्यम से श्रीमती अनीता दाहिया को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब मांगा है।वहीं, अनीता दाहिया और रजनी उइके के बीच संस्था में पूर्व पदस्थापना के दौरान हुए विवाद को लेकर श्रीमती रजनी उइके को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

जांच के लिए समिति गठितविभाग द्वारा 14 अगस्त को जारी कार्यालयीन आदेश के माध्यम से एक जांच समिति का गठन भी किया गया है। समिति को पूरे मामले की जांच कर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।अब छात्राओं की शिकायत, दोनों पक्षों के जवाब और जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें