Home AGRICULTURE यूरिया खाद की समस्या को लेकर किसानों का चक्का जाम, अधिकारियों की...

यूरिया खाद की समस्या को लेकर किसानों का चक्का जाम, अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला रास्ता

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस अमरवाड़ा : यूरिया खाद वितरण में इ टोकन व्यवस्था के बंद होने के बाद नई व्यवस्था में स्पष्ट निर्देशों के अभाव के चलते भू-अभिलेखों के सत्यापन में आ रही समस्याओं से नाराज किसानों ने सोमवार को अमरवाड़ा के राष्ट्रीय राजमार्ग (जेल रोड) पर चक्का जाम कर दिया।

किसानों का कहना है कि टोकन व्यवस्था बंद किए जाने के बाद नई व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे यूरिया खाद प्राप्त करने में भारी परेशानी हो रही है।किसानों ने बताया कि खाद वितरण के लिए आवश्यक भू-दस्तावेजों का सत्यापन भी पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहा है। नई एवं स्पष्ट व्यवस्था के अभाव में किसान घंटों तक भटकने को मजबूर हैं और समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।

चक्का जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार सृष्टि डेहरिया, थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे एवं एसएडीओ अनीता डेहरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि यूरिया खाद वितरण के लिए तत्काल स्पष्ट और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए तथा पटवारी हड़ताल के दौरान भू-दस्तावेजों के सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों का कहना है कि टोकन व्यवस्था समाप्त होने के बाद खाद वितरण की नई प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्पष्ट और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि किसानों को समय पर यूरिया
खाद उपलब्ध हो सके और खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें