सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा,। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की है।जिला कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष केशव साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि मंडी टैक्स बढ़ने से अनाज, दाल, सब्जियों सहित अन्य कृषि उपज के व्यापार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिसका असर अंततः आम उपभोक्ताओं पर महंगाई के रूप में दिखाई देगा।
कांग्रेस का आरोप है कि पहले से ही छोटे और मध्यम व्यापारी आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में मंडी शुल्क में वृद्धि से व्यापारियों की परेशानियां और बढ़ेंगी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मध्य प्रदेश में मंडी टैक्स लागू है, जबकि कई अन्य राज्यों में ऐसी व्यवस्था नहीं है। इसलिए राज्य सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मूलचंद साहू, करण शाह, सुनील जैन, श्याम सुंदर उपाध्याय, अतीन गडेवाल, विनोद अग्रवाल, गौरव साहू, राजीव मकड़स, प्रखर जैन, हरी साहू, सुमित शर्मा, हरिश बेले, जितेन्द्र साहू, शुभम साहू और त्रिविकांत साहू सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।केशव साहू ने कहा कि यदि सरकार बढ़ा हुआ मंडी टैक्स वापस नहीं लेती है, तो जिला कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन में शामिल होकर व्यापारियों के हित में आगे की रणनीति बनाएगी।















