Home CITY NEWS मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026: 7 अगस्त को छिंदवाड़ा आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन...

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026: 7 अगस्त को छिंदवाड़ा आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रथम जिला स्तरीय दौरे के तहत 7 अगस्त 2026 को छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वे सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज चयनित शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के निराकरण की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही जिले के विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी करेंगे।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर परीक्षण और निराकरण कराया जा रहा है। जिन शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, उनके आधार पर चयनित शिकायतकर्ताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं उनसे बातचीत कर समाधान की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

विकास कार्यों और योजनाओं की होगी समीक्षा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए जाएंगे।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से होगा संवाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले के उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। उद्योग संवाद कार्यक्रम में निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना, शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की समीक्षा करना है। यह अभियान नागरिकों से सीधे संवाद के माध्यम से उत्तरदायी और पारदर्शी सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें