Home CRIME ATM में डकैती की साजिश नाकाम: देहात पुलिस ने नाबालिग समेत दो...

ATM में डकैती की साजिश नाकाम: देहात पुलिस ने नाबालिग समेत दो बदमाश दबोचे, दो फरार….

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा देहात पुलिस ने एक बड़ी वारदात होने से पहले ही उसे विफल करते हुए एटीएम में डकैती की योजना बना रहे बदमाशों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में डकैती डालने की योजना बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर देहात थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार और फरार आरोपी पहले भी देहात, कोतवाली और कुंडीपुरा थाना क्षेत्रों में चोरी की कई संगीन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

आरोपियों से हथियार बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले कई घातक हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक लोहे की धारदार तलवार, लोहे का धारदार चाकू, एक लोहे की छुरी और एक लोहे का रॉड शामिल है।

इन धाराओं में मामला दर्ज देहात थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी एक नाबालिग (18 वर्ष से कम आयु)और राहुल टेकाम (19 वर्ष), निवासी देहात थाना क्षेत्र, छिंदवाड़ा

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें