कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने ट्रस्ट एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर सौंपे दायित्व**
सतपुड़ा एक्सप्रेस जामसांवली/ सौसर : 24 जुलाई 2026 –*चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर हनुमान लोक संस्थान में आगामी 28 व 29 जुलाई को दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव की पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ , की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार मंदिर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष डवरे, सचिव टीकाराम कारोकार, ट्रस्टी संदीप मोहोड, मनोहर शेलकी, अजय धवले, अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर, एएसपी मनकामना प्रसाद, मेघा शर्मा, अलका इक्का, एसडीओपी प्रियंका पांडे, ब्रजेश भार्गव, प्रियांक मिश्रा, प्रेक्षा पाठक संस्थान के सीईओ वीरेंद्र भट्ट सहित प्रशासनिक अधिकारियों की प्रमुख उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान जामसांवली मंदिर परिसर में दो से तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना को देखते हुए सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं ट्रस्ट समिति की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा पर गहन चर्चा की गई।वही ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दर्शन कतार प्रबंधन, गर्भगृह व्यवस्था, श्री मूर्ति पूजा की सुचारू प्रक्रिया, परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा व्यवस्थित पार्किंग पर चर्चा कर जिम्मेदारियाँ सौंपीं गई, ताकि दो दिवसीय उत्सव धार्मिक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
*व्यवस्थाओं की कलेक्टर एवं एसपी करेंगे मॉनिटरिंग* जामसांवली धाम परिसर में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा उत्सव की व्यवस्थाओं का दायित्व ट्रस्ट एवं प्रशासन के संयुक्त स्तर पर रहेगा। सभी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार करेंगे, ताकि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभाग प्रमुखों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।*गुरु का आशीर्वाद पाने आते हैं भक्त* हमारे सनातन धर्म में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। इसीलिए हजारो वर्ष पुराणी परंपरा को हर भक्त निभाता हैं | प्रतिवर्ष जामसांवली धाम में लाखों भक्तो का मेला यहाँ पर लगता हैं। यहाँ भक्तजन श्री हनुमानजी को अपना आध्यात्मिक गुरु मानते हैं, और उनसे सुख-समृद्धि, कल्याण एवं जीवन मार्गदर्शन का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह पावन अवसर भक्तो को अपने आराध्य एवं गुरु के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर देता है। दूसरी और मंदिर संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है, ताकि गुरु पूर्णिमा के इस पवित्र पर्व को भक्तिमय तथा सुचारू वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।













