सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। शहर के वार्ड क्रमांक 48 स्थित परतला की रघुवरश्रीपुरम कॉलोनी के रहवासियों ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर कलेक्टर से शिकायत करते हुए तत्काल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के अनुसार रघुवरश्रीपुरम कॉलोनी में करीब 70 से 80 परिवार निवास करते हैं और कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं का संचालन नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा किया जाता है। रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के चलते स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठप पड़ी है। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी की स्ट्रीट लाइटें कुंडाली फीडर से जुड़ी थीं, जिन्हें बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने यह कहते हुए बंद कर दिया कि नगर निगम द्वारा कनेक्शन अनियमित तरीके से लिया गया था तथा बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर निगम और बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर स्ट्रीट लाइटें जल्द से जल्द चालू कराई जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समस्त कॉलोनीवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।















