सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। सूर्यवंशी (कलार) समाज, छिंदवाड़ा की महत्वपूर्ण बैठक अटल इंस्टिट्यूट में समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष देवीचंद सूर्यवंशी की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ समाजसेवी आदरणीय प्रेमकुमार सूर्यवंशी की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विकास, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, महिला सहभागिता एवं सामाजिक गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक का शुभारंभ भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज की नवीन कार्यवाहक कार्यकारिणी का परिचय उपस्थित समाजबंधुओं के समक्ष कराया गया तथा समाजहित में सक्रिय एवं सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में “मेधावी छात्र सम्मान एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम-2026” के आयोजन का निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम 14 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उन्हें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को समाज द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।मीडिया प्रभारी अखिल सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं को समाज की गतिविधियों से जोड़ने तथा समाजहित के कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में समाज के विभिन्न सदस्यों द्वारा संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी, महिला समिति गठन तथा समाज की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए गए। सभी सुझावों का स्वागत करते हुए उन्हें आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल करने पर सहमति बनी।
मानकादेही खुर्द में हुई आगजनी की दुःखद घटना पर समाज द्वारा गहरी संवेदना व्यक्त की गई तथा बैठक के पश्चात समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक का संचालन केशरी नंदन सूर्यवंशी द्वारा किया गया तथा अंत में सह सचिव रणवीर सूर्यवंशी ने सभी उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।















