Home CITY NEWS निगम की कार्रवाई : खापाभाट में दो कॉलोनियां अवैध घोषित

निगम की कार्रवाई : खापाभाट में दो कॉलोनियां अवैध घोषित

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत खापाभाट मौजा में बिना डायवर्सन और विकास अनुमति के अवैध कॉलोनियों का निर्माण कर भूखंड विक्रय किए जाने के दो मामलों में निगम प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने संबंधित भूमि स्वामियों को नोटिस जारी कर कॉलोनियों को अवैध घोषित कर दिया है। इसके बाद अब नगर निगम द्वारा संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला राजेश कुमार उइके पिता दसरू उइके निवासी खापाभाट से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने खसरा नंबर 112/5/1/1/1/1 रकबा 0.3770 हेक्टेयर भूमि को छोटे-छोटे चार भूखंडों में विभाजित कर बिना अनुमति विक्रय किया तथा अवैध कॉलोनी विकसित की।

वहीं दूसरे मामले में सेवकराम पिता चोखे लाल निवासी खापाभाट पर खसरा नंबर 112/1/1/1/1/1/1/1/1 रकबा 0.3640 हेक्टेयर भूमि को 16 छोटे भूखंडों में विभाजित कर अवैध कॉलोनी निर्माण एवं विक्रय करने का आरोप है।राजस्व निरीक्षक मंडल एवं पटवारी की संयुक्त जांच रिपोर्ट में दोनों मामलों की पुष्टि की गई है। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा बिना कॉलोनाइजर पंजीयन, डायवर्सन एवं विकास अनुमति के कॉलोनी निर्माण किया गया, जो मध्यप्रदेश नगरपालिका (कॉलोनाइजर का रजिस्ट्रीकरण निर्बन्धन तथा शर्तें) नियम 2021 का उल्लंघन है।नगर निगम कार्यालय द्वारा दोनों प्रकरणों में पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संबंधित पक्षों द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद निगम प्रशासन ने दोनों कॉलोनियों को अवैध घोषित करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम 2021 की कंडिका 22(2)(3) के तहत अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कंडिका 22(4) के अंतर्गत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

शहर में अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में कानूनी समस्याओं से बचा जा सके।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें