Home CITY NEWS उर्वरक के लिए ई टोकन बुक करने में किसानों को समितियां और...

उर्वरक के लिए ई टोकन बुक करने में किसानों को समितियां और सीएससी करेंगे सहयोग – कलेक्टर

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

*कलेक्टर श्री नारायन ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा*

*जिले में सुचारू रहे खरीदी का कार्य, किसानों को मिले समुचित सुविधाएं – कलेक्टर*

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/27 अप्रैल 2026/* कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, एसडीएम परासिया श्री शुभम कुमार यादव, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त श्री सी.पी.राय, उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह सहित जिला प्रशासन व सभी विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त अन्य एसडीएम और विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।

*खरीदी का कार्य रहे सुचारू -* कलेक्टर श्री नारायन ने चना एवं गेहूं उपार्जन की समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार और उपार्जन समिति के सदस्यों को खरीदी कार्य और उपार्जन केंद्रों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में तौल कांटे, बारदाने, सिलाई धागा, छाया, पानी, हम्मालों की व्यवस्था सुनिश्चित हो, जिससे तुलाई का कार्य गति क साथ हो और किसानों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो। किसी भी उपार्जन केंद्र में भीड़ एकत्रित होने की स्थिति निर्मित नहीं होना चाहिए, तहसीलदार पूरी मॉनिटरिंग रखें। उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम को उपार्जित फसल का समय पर उठाव और परिवहन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि अभी तक लगभग 9 हजार किसानों स्लॉट बुकिंग की है, और अपने स्लॉट के अनुसार वे निर्धारित तिथि में उपार्जन केंद्र पहुंच रहे हैं।

*संबल पंजीयन के प्रकरण लंबित रहने पर जाहिर की नाराजगी -* कलेक्टर ने संबल योजना के तहत नवीन पंजीयन के प्रकरण ग्राम पंचायत स्तर पर काफी समय से लंबित पाए जाने पर सभी जनपद सीईओ पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पात्रता, अपात्रता का परीक्षण कर लंबित शत प्रतिशत प्रकरणों निराकरण यथाशीघ्र करने के निर्देश दिए। साथ ही आगे से संबल पंजीयन के सभी प्रकरणों का निराकरण तत्परता से करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से कई बार पात्र हितग्राही के परिजन पंजीयन न होने की वजह से विपत्ति के समय अनुग्रह सहायता से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने इस कार्य को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से करने की हिदायत दी।

*अवैध उत्खनन, परिवहन पर सख्ती से करें कार्यवाही -* कलेक्टर श्री नारायन ने खनिज विभाग को निर्देश दिए कि खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्ती से कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को भी निर्देशित किया कि अपने सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए अपने क्षेत्र में अवैध उत्खनन, परिवहन पर पूरी नजर रखें और सख्ती से कार्यवाही की जाए।

*ई – टोकन बुक करने में किसानों की करें मदद, शीघ्र कराएं उर्वरकों का उठाव -* कलेक्टर श्री नारायन ने ई टोकन वितरण प्रणाली से खाद वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसान ई टोकन बुक करके जल्दी से जल्दी उर्वरकों का उठाव करें । सभी समितियों को निर्देशित किया कि किसानों को ई – टोकन बुक करने में सहयोग करें और उर्वरक का जल्दी से जल्दी उठाव सुनिश्चित कराएं। कॉमन सर्विस सेंटर भी किसानों को उर्वरक वितरण के लिए ई टोकन बुक करने में मदद करेंगे। बैठक में उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 01 मई 2026 से किसान यूरिया उर्वरक के अलावा अन्य सभी उर्वरक जैसे डीएपी, एनपीके, एसएसपी, एमओपी आदि सभी उर्वरक की पात्रता अनुसार पूरी मात्रा और यूरिया उर्वरक की आधी मात्रा एक बार में प्राप्त कर सकेंगे।

*पीएम श्रम योगी मानधन योजना का लाभ उठाने लोगों को करें प्रोत्साहित -* बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के बारे में सभी को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भारत सरकार की एक पेंशन योजना है, जो 60 वर्ष की आयु के बाद ₹3,000 की मासिक पेंशन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है।

• *कौन जुड़ सकता है* – आयु 18 से 40 वर्ष के बीच हो, मासिक आय/मानदेय ₹15000 या उससे कम हो, एनपीएस, ईपीएफ या ईएसआईसी का सदस्य न हो। अंशदान तालिका के अनुसार 18 वर्ष आयु के व्यक्ति को 55 रूपये प्रतिमाह और 40 वर्ष आयु के व्यक्ति को 200 रूपये प्रतिमाह अंशदान होगा। इसी तरह अलग अलग आयु वर्ग के अनुसार बहुत ही कम राशि का अंशदान जमा कर इसका लाभ उठाया जा सकता है।• *पंजीकरण कैसे करें* – अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर अथवा मानधन पोर्टल पर जाकर पात्र व्यक्ति स्वयं को रजिस्टर करा सकते हैं।• *आवश्यक दस्तावेज* – पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बचत बैंक अथवा जन धन खाता आई एफ एस सी कोड सहित और मोबाइल नंबर के माध्यम से आसानी पंजीयन कराया जा सकता है। •

*मुख्य लाभ* – 60 वर्ष की आयु के बाद हर माह 3000 की निश्चित पेंशन, लाभार्थी की मृत्यु के बाद नॉमिनी को 50 प्रतिशत पेंशन का लाभ। कलेक्टर श्री नारायन ने जिले की सभी लाडली बहनों, हम्मालों, समूह की दीदियों और जिले के ऐसे सभी व्यक्तियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं, जो पात्रता में आते हैं। इस योजना का लाभ उठाने से बाद लाडली बहनों को 60 वर्ष की आयु के बाद भी पीएम श्रम योगी मानधन योजना से 3000 रूपये प्रति माह की पेंशन प्राप्त हो सकेगी।

*डीजे पर करें प्रभावी नियंत्रण -* शहर में लगातार डीजे के शोर को देखते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का सख्ती से पालन कराने का निर्देश पुनः दोहराया। उन्हें सभी थाना प्रभारियों को भी स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। जिससे माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराया जा सके। *जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश -* जल संरक्षण और जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 30 जून 2026 तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी विभाग जल संरक्षण के कार्यों में गति लाएं। साथ ही उन्हें पोर्टल पर अपलोड करना भी सुनिश्चित करें। कुछ विभागों के कारण पूरे जिले का प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है, ऐसे विभाग स्थिति सुधारें।

बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही सीएम हेल्पलाइन, न्यायालयीन प्रकरणों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं विभिन्न आयोगों के लंबित पत्रों की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न अंतर्विभागीय विषयों पर भी चर्चा हुई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी शिकायतों एवं पत्रों का समय सीमा के अंदर एवं शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें