Home CITY NEWS छिंदवाड़ा में अध्यापक-शिक्षकों का विशाल प्रदर्शन, वरिष्ठता और पात्रता परीक्षा को लेकर...

छिंदवाड़ा में अध्यापक-शिक्षकों का विशाल प्रदर्शन, वरिष्ठता और पात्रता परीक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाडा – सेवानिवृत्ति के कगार पर खडे अध्यापक शिक्षकों की शिक्षक पात्रता परीक्षा संबंधी निर्णय एवं राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग की प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना को लेकर आज अध्यापक शिक्षकों ने स्थानीय कलेक्ट्रेट ग्राउंड के सामने विशाल धरना दिया तथा शासन प्रशासन तक अपनी आवाज को पहुंचाते हुए विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा ।ज्ञात हो कि शिक्षक पात्रता परीक्षा से संबंधित समस्याओं एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय के संदर्भ में अध्यापक शिक्षकों के हितों की रक्षा तथा प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता को लेकर प्रदेश स्तर पर समस्त शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं । प्रदेश स्तर पर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के गठन के उपरांत जिले में भी अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का गठन हो चुका है । तथा मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुरूप आज 8 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय धरना एवं रैली के उपरांत ज्ञापन सौंपा गया ।

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा छिंदवाडा की कोर कमेटी ने बताया कि वर्षों से सेवा में रत अध्यापक शिक्षक अपना उत्तरदायित्व पूर्ण मनोयोग से निर्वहन कर रहे हैं, जिसकी परिणति शासकीय विद्यालयों में पढने वाले छात्रों का प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन तथा बोर्ड परीक्षाओं की मैरिट लिस्ट में वर्षों से लगातार शासकीय विद्यालयों के छात्रों की सहभागिता इसका प्रमाण है । पूर्ण मनोयोग से अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन कर रहे अध्यापक शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की कगार पर खडे अध्यापक शिक्षकों की पात्रता परीक्षा का निर्णय अध्यापक शिक्षकों की अस्मिता का प्रश्न है ।राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से नहीं किये जाने को लेकर भी संवर्ग में असंतोष व्याप्त है । इसके कारण सेवानिवृत्त साथियों को सेवानिवृत्ति पर प्राप्त होने वाले लाभों जैसे ग्रेच्युटी एवं पुरानी पेंशन से वंचित होना पड रहा है । इन सभी समस्याओं के चलते अध्यापक शिक्षकों के समस्त संगठनों द्वारा संयुक्त मोर्चा बनाकर अपनी मांगें शासन प्रशासन तक शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाने का निर्णय लिया गया है ।

आज का कार्यक्रम इसी तारतम्य में आयोजित किया गया । मोर्चा की प्रदेश इकाई द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तरीय धरना, रैली एवं ज्ञापन तथा 18 अप्रैल को प्रदेष स्तरीय धरना, रैली तथा ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है ।उक्त समस्याओं को लेकर आज अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा द्वारा स्थानीय कलेक्ट्रेट के सामने ग्राउंड में जिला स्तरीय एक दिवसीय धरना दिया गया जिसमें अतिथियों, मार्गदर्शकों, वक्ताओं तथा मोर्चा की कोर कमेटी द्वारा सैकडों की संख्या में उपस्थित अध्यापक शिक्षक साथियों को संबोधित करते हुए पात्रता परीक्षा तथा वरिष्ठता की मांगों को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए गए तथा शासन, प्रशासन तक अपनी मांगों को पहुंचाने के संबंध में चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों के संबध में रणनीति को अंतिम रूप भी दिया गया । कार्यक्रम में वरिष्ठ मार्गदर्शक, अतिथियों, अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा कोर कमेटी के समस्त अध्यापक शिक्षक कर्मचारी संगठनों के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों सहित सैकडों की संख्या में मातृशक्ति सहित भारी संख्या में अध्यापक शिक्षकों की उपस्थिति रही ।

जिसमें मोर्चा के संरक्षक सदस्य श्री हेमंत चांद, श्री सतीश गोडाने, श्री रमेश शर्मा ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज की । कार्यक्रम के आयोजन में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा कोर कमेटी से अरविंद भट्ट, किरण शर्मा, राजिक कुरैशी, ताराचंद भलावी, महेश भादे, संजय सिन्हा, राघवेंद्र वसूले, सजीर कादरी, आरिफ खान, राजेश जैन, हीरालाल चौरे, रामाजी पाठे, वीरेंद्र शर्मा, सुशील दोईजड, संतोष बघेल, दीपक साहू, संतोष डोंगरे, विजय अरमरकर, योगेश दुबे, अरुण दत्त मिश्रा, देवराव पवार, राजेंद्र करमेले, रवि विश्वकर्मा अनिल कोठेकर, अर्जुन पवार, शेखर पांडे, कुलदीप मोखलगाय, विनोद डेहरिया, अविनाश श्रीवास्तव, रामाशीष त्रिपाठी सहित सैकड़ो साथियों का सराहनीय योगदान रहा ।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें