Home CITY NEWS पांढुर्णा खनिज विभाग में वरिष्ठ अधिकारी की पदस्थापना, फिर भी प्रभार का...

पांढुर्णा खनिज विभाग में वरिष्ठ अधिकारी की पदस्थापना, फिर भी प्रभार का इंतजार

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी जिला कार्यालय की जिम्मेदारी हस्तांतरित नहीं होने पर उठ रहे सवाल

सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा । जिला गठन के बाद पांढुर्णा में विभिन्न विभागों के स्वतंत्र कार्यालय और अधिकारियों की पदस्थापना की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, जिला खनिज कार्यालय में प्रभार हस्तांतरण को लेकर स्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। विभाग में वरिष्ठ अधिकारी यामिनी उइके की पदस्थापना के बावजूद कार्यालय का प्रभार अब तक सहायक खनिज अधिकारी महेश नागपुरे के पास होने की बात सामने आई है। इससे विभागीय व्यवस्था और प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पदस्थापना के बाद भी नहीं मिली बड़ी जिम्मेदारी जानकारी के अनुसार, पांढुर्णा में जिला खनिज कार्यालय का कामकाज पहले से सहायक खनिज अधिकारी महेश नागपुरे संभाल रहे थे। उस समय जिले में उनसे वरिष्ठ अधिकारी पदस्थ नहीं थे। जून माह में खनिज विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत यामिनी उइके को पांढुर्णा में पदस्थ किया गया था। वे प्रशिक्षण के लिए भी गई थीं और हाल ही में वापस लौटी हैं। इसके बावजूद कार्यालय का प्रभार उन्हें हस्तांतरित नहीं होने की स्थिति सामने आई है। महेश नागपुरे को पांढुर्णा और सौंसर क्षेत्र में खनिज विभाग के कामकाज का पूर्व अनुभव रहा है। हालांकि, वरिष्ठ अधिकारी की पदस्थापना के बाद प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया अब तक पूरी क्यों नहीं हुई, इस संबंध में विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

आदेश के क्रियान्वयन पर भी सवाल बताया गया है कि खनिज विभाग की अवर सचिव शर्मिला ठाकुर ने 15 जून को आठ नवचयनित अधिकारियों की विभिन्न जिला कार्यालयों में पदस्थापना के आदेश जारी किए थे। दावा है कि इनमें से अन्य अधिकारियों को उनके पदस्थापना वाले जिलों में जिम्मेदारी मिल गई, जबकि दो अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारियों को प्रभार नहीं मिला है। इस संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

पांढुर्णा के मामले में प्रभार हस्तांतरण में हो रही देरी के कारणों को लेकर चर्चाएं हैं। अब निगाहें खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर हैं कि वे इस स्थिति की समीक्षा कर प्रभार व्यवस्था को स्पष्ट करेंगे या नहीं।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें