सतपुड़ा एक्सप्रेस सौसर / पांढुर्णा । पीपला नारायणवार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर चल रहा धरना-आंदोलन रविवार को तीसरे दिन और अधिक तेज हो गया। आंदोलन में मुख्य रूप से गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा शामिल हुईं। उन्होंने आंदोलनकारियों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए शराब दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग दोहराई। इस दौरान जनजागरूकता रैली निकाली गई तथा विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी किया गया।आंदोलन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब गुलाबी गैंग कमांडर पूर्णिमा वर्मा एवं सौसर विधायक विजय चौरे ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शराब दुकान पर अंतिम चेतावनी देने पहुंचे।
इस दौरान कुछ ग्रामीण एवं कार्यकर्ता दुकान कर्मचारियों से चर्चा के दौरान आक्रोशित हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्णिमा वर्मा ने प्रशासन और शराब ठेकेदार को दो दिन की मोहलत देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में दुकान को आबादी क्षेत्र से नहीं हटाया गया तो गुलाबी गैंग अपने पारंपरिक अंदाज में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

उन्होंने 3 जून को पीपला नारायणवार बस स्टैंड पर चक्काजाम आंदोलन की भी घोषणा की। वहीं विधायक विजय चौरे ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन और शराब ठेकेदार को जनता के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा शासन को कड़ा संदेश दिया जाएगा।
शराब दुकान का हुआ घेरावधरना-आंदोलन के दौरान जनजागरूकता रैली और नुक्कड़ सभाओं से पहले आंदोलनकारियों ने शराब दुकान पहुंचकर उसका घेराव किया तथा दो दिन के भीतर दुकान को नगर सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और दुकान बंद होने की नौबत भी आ गई, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद सैकड़ों आंदोलनकारी शांतिपूर्वक दुकान परिसर से बाहर निकल गए। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि दो दिन के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 3 जून को बस स्टैंड पर चक्काजाम कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।















