बस स्टैंड और आबादी क्षेत्र से दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने किया भजन-कीर्तन
सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा/- पीपला नारायणवार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को बस स्टैंड एवं आबादी क्षेत्र से हटाकर नगर सीमा के बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन शुरू हो गया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस आंदोलन में पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक शराब दुकान को वर्तमान स्थान से नहीं हटाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि बस स्टैंड और रिहायशी क्षेत्र के समीप शराब दुकान संचालित होने से आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर विधायक विजय चौरे ने कहा कि पीपला बस स्टैंड पर संचालित शराब दुकान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासी पूर्व में भी इस संबंध में प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं तथा एक दिवसीय धरना देकर अपनी आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से भी शराब ठेकेदार को कई बार दुकान स्थानांतरित करने के लिए अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरना आंदोलन के दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर शराब दुकान हटाने की मांग का सांकेतिक समर्थन किया।
आंदोलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर के अध्यक्ष राजेंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।















